बालोद, 20 जून 2025।छत्तीसगढ़ के बालोद जिले के डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के सुदूर वनांचल में स्थित पाटेश्वर आश्रम परिसर में माता कौशल्या धाम का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। पाटेश्वर सेवा संस्थान के संचालक संत राम बालकदास ने बताया कि यह भव्य धाम 2026 में विधिवत लोकार्पित किया जाएगा।
करीब चार एकड़ में बन रहे तीन मंजिला मंदिर में द्वितीय तल पर माता कौशल्या की सात फीट ऊंची प्रतिमा स्थापित होगी, जिसमें वह नन्हें भगवान रामलला को गोद में लिए हुए होंगी। यह प्रतिमा अपने तरह की पहली होगी और इसका निर्माण राजस्थान के लाल पत्थरों से किया जा रहा है।
पहले तल पर शिवलिंग और तीसरे तल पर पंचमुखी हनुमान की प्रतिमा स्थापित की जाएगी। धाम परिसर में 108 देवी-देवताओं एवं महापुरुषों की प्रतिमाएं भी स्थापित होंगी, जिससे यह स्थल सर्व धर्म संभाव और आस्था का प्रमुख केन्द्र बनेगा।
पाटेश्वर आश्रम का यह धाम प्रकृति की मनोरम वादियों में आदिवासी संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रतीक होगा। यहां हर वर्ष माघी पूर्णिमा और गुरु पूर्णिमा पर मेले लगते हैं और प्रतिदिन सैकड़ों श्रद्धालु दर्शनों के लिए पहुंचते हैं।
संत राम बालकदास ने बताया कि जन सहयोग से निर्मित हो रहा यह धाम समाज की एकता और संस्कृति की अद्वितीय मिसाल बनेगा। माँ कौशल्या धाम बनने के बाद बालोद जिला पूरे देश और दुनिया में नई पहचान बनाएगा।










