रायपुर, 2 जुलाई 2026।छत्तीसगढ़ के वरिष्ठ पत्रकार सुखनंदन बंजारे के निधन पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा दुःख व्यक्त किया है। उन्होंने इसे पत्रकारिता जगत के लिए अपूरणीय क्षति बताया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने अपने शोक संदेश में कहा कि सुखनंदन बंजारे का निधन अत्यंत दुःखद है। उन्होंने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को अपने चरणों में स्थान मिले और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में संबल प्रदान करें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सुखनंदन बंजारे ने लंबे समय तक पत्रकारिता के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित समाचार पत्रों और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया संस्थानों में कार्य करते हुए जनसरोकारों से जुड़ी पत्रकारिता को मजबूती दी।
उन्होंने कहा कि बंजारे का निधन मीडिया जगत के लिए एक बड़ी क्षति है, जिसकी भरपाई निकट भविष्य में संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना करते हुए परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की।










