नई दिल्ली। भारत में डेंगू से बचाव के लिए पहली वैक्सीन को मंजूरी मिल गई है. यहा एक बड़ी खुशखबरी है कि अब डेंगू से बचाव संभव हो पाएगा. जापान की फार्मा कंपनी Takeda की बनाई गई QDENGA (क्यूडेंगा) वैक्सीन को भारत के ड्रग कंट्रोलर जनरल (DCGI) ने 4 से 60 साल की उम्र के लोगों के लिए स्वीकृति दी है. QDENGA की खास बात यह है कि इसे लगवाने से पहले यह जांच कराने की जरूरत नहीं होगी कि व्यक्ति को पहले डेंगू हुआ है या नहीं. यानी यह वैक्सीन उन लोगों को भी दी जा सकती है जिन्हें पहले डेंगू हो चुका है और उन्हें भी जिन्हें कभी संक्रमण नहीं हुआ. वैक्सीन की दो डोज लगाई जाएंगी, जिनके बीच तीन महीने का अंतर रखा जाएगा. इसे त्वचा के नीचे (सबक्यूटेनियस) लगाया जाएगा.
डेंगू के चारों प्रकार से मिलेगा फायदा
डेंगू वायरस के चारों प्रकारों से बचाव के लिए तैयार की गई इस वैक्सीन को लेकर कंपनी का कहना है कि क्लीनिकल ट्रायल में दूसरी डोज के 12 महीने बाद यह डेंगू से बचाव में 80.2 प्रतिशत प्रभावी रही. वहीं, डेंगू के कारण अस्पताल में भर्ती होने के खतरे को कम करने में भी इसके अच्छे परिणाम सामने आए हैं. बता दें कि, विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) भी QDENGA की सिफारिश कर चुका है. WHO के अनुसार, जिन देशों में डेंगू का खतरा ज्यादा है, वहां इस वैक्सीन को सार्वजनिक टीकाकरण कार्यक्रमों में शामिल किया जा सकता है.










