रायपुर। उप मुख्यमंत्री तथा लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव ने सरायपाली नगर पालिका क्षेत्र को करीब 175 करोड़ रुपए के विभिन्न विकास कार्यों की बड़ी सौगात दी। नई मंडी प्रांगण में आयोजित लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम में उन्होंने 23 करोड़ 28 लाख 61 हजार रुपए के विकास कार्यों का लोकार्पण और 154 करोड़ 88 लाख रुपए की लागत वाले कार्यों का भूमिपूजन किया। इस दौरान पेयजल, सामुदायिक भवन, अधोसंरचना और अमृत मिशन सहित कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई। साथ ही क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए अतिरिक्त देने की घोषणा की गई।
कार्यक्रम में सांसद रूपकुमारी चौधरी, विधायक चातुरी नंद, छत्तीसगढ़ राज्य अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष रामलाल चौहान और छत्तीसगढ़ शाकम्भरी बोर्ड के अध्यक्ष राजेंद्र नायक सहित जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के जल जीवन मिशन के तहत रेट्रोफिटिंग और एकल ग्राम योजना से जुड़े 24 गांवों में पेयजल सुविधा के लिए 1818.61 लाख रुपए के कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही विभिन्न वार्डों में सामुदायिक भवनों और अन्य निर्माण कार्यों के लिए 510 लाख रुपए के कार्य भी जनता को समर्पित किए गए।
कार्यक्रम के दौरान एसटीपी निर्माण से संबंधित 10.21 करोड़ रुपए, जल प्रदाय अमृत मिशन 2.0 के तहत 139.55 करोड़ रुपए तथा विभिन्न विकास एवं निर्माण कार्यों के लिए 512 लाख रुपए की परियोजनाओं का भूमिपूजन किया गया। इन परियोजनाओं के पूरा होने से सरायपाली क्षेत्र में पेयजल व्यवस्था और नगरीय अधोसंरचना को मजबूती मिलने की उम्मीद है।
अरुण साव ने कहा कि सरकार विकास और जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में प्रदेश में विकास कार्य लगातार किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार जिन विकास कार्यों का भूमिपूजन करती है, उनका लोकार्पण भी समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जा रहा है, ताकि लोगों को जल्द सुविधाओं का लाभ मिल सके।
उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में नक्सलवाद के खिलाफ अभियान में महत्वपूर्ण सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा ढाई वर्ष में लगभग 12 हजार 666 करोड़ रुपए के विकास कार्य किए गए हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ के साथ सरायपाली का विकास भी तेज गति से हो रहा है। उन्होंने सरायपाली के विकास के लिए राशि की कमी नहीं होने देने की बात कही। सांसद रूपकुमारी चौधरी की मांग पर उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए 5 करोड़ रुपए देने की घोषणा भी की।
सांसद रूपकुमारी चौधरी ने कहा कि सरायपाली सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति मिल रही है। उन्होंने क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही रेल लाइन की मांग का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दिशा में आगे कदम बढ़ा है और सर्वे का कार्य शुरू हो गया है।
विधायक चातुरी नंद ने अमृत मिशन 2.0 की स्वीकृति के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। उन्होंने कहा कि यह केवल पेयजल योजना नहीं, बल्कि हजारों परिवारों के जीवन से जुड़ी महत्वपूर्ण परियोजना है। महानदी का पानी घर-घर पहुंचने से बड़ी संख्या में लोगों को इसका लाभ मिलेगा।
कार्यक्रम में राज्य महिला आयोग की सदस्य सरला कोसरिया, स्काउट गाइड संघ के जिलाध्यक्ष ऐतराम साहू, नगर पालिका अध्यक्ष सरस्वती चंद्र, उपाध्यक्ष हेमंत प्रधान और कलेक्टर विनय कुमार लंगेह सहित जनप्रतिनिधि, पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।










