रायपुर। छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में पहली बार भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के बीच तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला का आयोजन किया गया। इस ऐतिहासिक अवसर को मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने प्रदेश के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि इससे छत्तीसगढ़ की बेटियों को खेलों में आगे बढ़ने और बड़े सपने देखने की नई प्रेरणा मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय 20 अक्टूबर को नवा रायपुर स्थित शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम पहुंचे और भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के तीसरे मुकाबले का आनंद लिया। इस दौरान उन्होंने दोनों देशों की महिला क्रिकेट टीमों की खिलाड़ियों का स्वागत किया और उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा और मेहनत से पहचान बनाने वाली महिला खिलाड़ी देश की करोड़ों बेटियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती पर पहली बार अंतरराष्ट्रीय महिला क्रिकेट श्रृंखला का आयोजन प्रदेश के खेल विकास की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि है। भारत और जिम्बाब्वे की महिला टीमों के बीच पहली द्विपक्षीय श्रृंखला की शुरुआत छत्तीसगढ़ से होना इस आयोजन को और भी खास बनाता है। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल क्रिकेट मुकाबलों तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की बेटियों को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपनी पहचान बनाने के लिए प्रोत्साहित करने का अवसर भी है।
इस ऐतिहासिक श्रृंखला के दौरान माताओं, बहनों और बेटियों के लिए स्टेडियम में निःशुल्क प्रवेश की व्यवस्था की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उद्देश्य अधिक से अधिक महिलाओं और बालिकाओं को खेलों से जोड़ना तथा उन्हें अंतरराष्ट्रीय महिला खिलाड़ियों का प्रदर्शन प्रत्यक्ष देखने का अवसर देना है। उन्होंने कहा कि आज देश की बेटियां खेल सहित प्रत्येक क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और सामर्थ्य से नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि राज्य सरकार छत्तीसगढ़ में खेलों के अनुकूल वातावरण तैयार करने और प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। खेल अधोसंरचना के विस्तार के साथ खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, संसाधन और प्रतिस्पर्धा के बेहतर अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। राज्य सरकार का प्रयास है कि प्रदेश की प्रतिभाओं को अपने ही राज्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल संस्कृति से जुड़ने का अवसर मिले।
उन्होंने शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम को छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण खेल परिसंपत्ति बताते हुए कहा कि स्टेडियम को छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ को लीज पर दिए जाने से यहां राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर की क्रिकेट प्रतियोगिताओं के आयोजन का मार्ग प्रशस्त हुआ है। इससे क्रिकेट प्रेमियों को बड़े मुकाबले देखने का अवसर मिलने के साथ ही स्थानीय युवा खिलाड़ियों को भी अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों से सीखने और प्रेरणा लेने का मौका मिल रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे पहले नवा रायपुर में न्यूजीलैंड और ऑस्ट्रेलिया के विरुद्ध अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन किया जा चुका है। राज्य सरकार की पहल पर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के दो आईपीएल मुकाबले भी यहां आयोजित हुए। अब भारत-जिम्बाब्वे महिला टी-20 अंतरराष्ट्रीय श्रृंखला के आयोजन से छत्तीसगढ़ को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक और कदम बढ़ा है।
उन्होंने कहा कि बड़े खेल आयोजन किसी प्रदेश की खेल संस्कृति को मजबूत करने के साथ-साथ उसकी अर्थव्यवस्था और पहचान को भी नई गति देते हैं। ऐसे आयोजनों में खिलाड़ियों, खेल अधिकारियों और दर्शकों की भागीदारी से पर्यटन, होटल व्यवसाय, परिवहन, स्थानीय व्यापार और सेवा क्षेत्र में आर्थिक गतिविधियां बढ़ती हैं। इससे रोजगार और आजीविका के नए अवसर भी पैदा होते हैं।
मुख्यमंत्री के अनुसार, नवा रायपुर आधुनिक अधोसंरचना और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर की सुविधाओं से युक्त शहर के रूप में तेजी से विकसित हो रहा है। राज्य सरकार का लक्ष्य इसे आधुनिक राजधानी के साथ देश के प्रमुख स्पोर्ट्स और इवेंट डेस्टिनेशन के रूप में भी स्थापित करना है। इसके लिए खेल सुविधाओं का विस्तार, मौजूदा अधोसंरचना का बेहतर उपयोग और बड़े आयोजनों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेलों और खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने के लिए सकारात्मक वातावरण तैयार हुआ है। भारतीय महिला खिलाड़ी लगातार शानदार प्रदर्शन कर विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ा रही हैं। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी प्रदेश की खेल प्रतिभाओं को पहचानने, उन्हें निखारने और आगे बढ़ने के लिए बेहतर मंच उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने भारत और जिम्बाब्वे की महिला क्रिकेट टीमों के खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए विश्वास जताया कि यह श्रृंखला उत्कृष्ट खेल भावना, स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और दोनों देशों के बीच मैत्री का प्रतीक बनेगी। उन्होंने कहा कि नवा रायपुर में आयोजित यह ऐतिहासिक श्रृंखला विशेष रूप से प्रदेश की बेटियों को खेलों से जुड़ने के लिए प्रेरित करेगी और छत्तीसगढ़ के खेल इतिहास में गौरवपूर्ण अध्याय के रूप में दर्ज होगी।
इस अवसर पर छत्तीसगढ़ स्टेट क्रिकेट संघ और भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के पदाधिकारी, खेल जगत से जुड़े प्रतिनिधि, अधिकारी तथा बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रेमी उपस्थित रहे।










