दुर्ग में 29 और 30 अक्टूबर को स्कूलों में छुट्टी, जिला शिक्षा अधिकारी ने जारी किया आदेश
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में खराब मौसम और भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूलों में दो दिन का अवकाश घोषित किया है। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय की ओर से जारी आदेश के अनुसार, जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों में 29 और 30 अक्टूबर 2026 को छुट्टी रहेगी।
मौसम विभाग से प्राप्त जानकारी और दैनिक समाचारों में जारी चेतावनी के अनुसार, दक्षिण और मध्य छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में भारी से अति भारी बारिश होने की आशंका है। इसके साथ ही गरज-चमक और 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। कुछ इलाकों में हवा की गति 90 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
आदेश में बताया गया है कि चक्रवाती तूफान और अति भारी बारिश की आशंका को देखते हुए राज्य शासन के स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशों के अनुरूप यह निर्णय लिया गया है। विद्यार्थियों को स्कूल पहुंचने के दौरान होने वाली संभावित कठिनाइयों और बच्चों के स्वास्थ्य एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए अवकाश घोषित किया गया है।

जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के तहत दुर्ग जिले के सभी शासकीय, अशासकीय, अनुदान प्राप्त और बीएसपी के प्राथमिक, पूर्व माध्यमिक, हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी विद्यालयों में दो दिन का अवकाश रहेगा। आदेश तत्काल प्रभाव से लागू किया गया है।
जिला शिक्षा अधिकारी जगजीत सिंह धीर ने कलेक्टर की अनुमति से यह आदेश जारी किया है। संबंधित अधिकारियों, विकासखंड शिक्षा अधिकारियों और विद्यालयों के प्राचार्यों को आदेश की सूचना देकर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।










