भारतीय क्रिकेट टीम के ऑलराउंडर स्टुअर्ट बिन्नी ने क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वह दिग्गज भारतीय क्रिकेटर रोजर बिन्नी के बेटे हैं। महज 37 साल के बिन्नी लंबे समय से टीम से बाहर थे। उन्होंने 2016 के बाद से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेला था। वह घरेलू क्रिकेट के माध्यम से टीम में वापसी के प्रयास में थे। 2014 में न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे मैच से इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू करने वाले स्टुअर्ट ने भारत के लिए 6 टेस्ट, 14 वनडे और 3 टी20 मैच खेले हैं।
स्टुअर्ट के नाम वनडे क्रिकेट में भारत की ओर से सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी का रिकॉर्ड है। 2014 में बांग्लादेश के खिलाफ 4 रन देकर 6 विकेट लिए थे। आज तक उनके रिकॉर्ड को कोई भी भारतीय गेंदबाज नहीं तोड़ पाया है। बिन्नी के नाम टेस्ट क्रिकेट में 194 रन और 3 विकेट, वनडे में 230 रन और 20 विकेट, टी20 में 35 रन और 1 विकेट है। बिन्नी ने 95 फर्स्ट क्लास मैचों में 4 हजार 796 रन बनाए और 148 विकेट लिए है। वहीं 100 लिस्ट ए मैचों में 1788 रन बनाने के साथ ही 99 विकेट भी लिए।










