रसोई गैस सिलेंडर के दाम फिर बढ गए हैं। महंगाई झेल रहे आमलोगों को नया झटका लगा है। बिना सब्सिडी वाले सिलेंडरों की कीमतों में बुधवार यानी आज फिर बढ़ोतरी की गई है। इसके तहत 14.2 किलो के सिलेंडर पर 15 रुपये बढ़ाए गए हैं। इससे दिल्ली में इसकी कीमत 899 रुपए हो गई है। वहीं पांच किलो वाला सिलेंडर अब 502 रुपए में मिलेगा।
दिल्ली- मुंबई में बिना सब्सिडी वाले घरेलू रसोई गैस सिलेंडर की कीमत 884.50 रुपये से अब 899.50 रुपए हो गई है। पटना में अब इसके लिए 1000 में से केवल 2 रुपए कम चुकाने पड़ेंगे।
सिर्फ इसी साल 1 जनवरी को गैस सिलेंडर 694 रुपये का था। 1 सितंबर को कीमत 884 रुपये हो गई। फिर 17 अगस्त से 1 सितंबर के बीच 15 दिन में 50 रुपये की महंगाई हो गई। पिछले 8 महीने में 190 रुपये की महंगाई जनता के घर की GDP बिगाड़ने वाले सिलेंडर में आ चुकी है।
एक अक्टूबर को 19 किलो वाले कमर्शियल सिलेंडरों के दाम बढ़ाए गए थे। इसमें पेट्रोलियम कंपनियों ने कमर्शियल सिलेंडर के दाम में 43.5 रुपए की भारी बढ़त की थी। इससे रेस्टोरेंट, ढाबे आदि पर खाना महंगा होने की आशंका बढ़ गई थी।
गौर हो कि पेट्रोलियम कंपनियां हर 15 दिन पर एलपीजी सिलेंडर के दाम की समीक्षा करती हैं। खास बात यह है कि सरकार के कहने पर एक तरफ देश में एक करोड़ से ज्यादा लोगों ने गैस सब्सिडी छोड़ी थी, ताकि गरीब लोगों को सिलेंडर देकर उन्हें चूल्हे के धुएं से आजादी दी जाए, लेकिन सब्सिडी छोड़ने वाले मिडिल क्लास, लोवर मिडिल क्लास परिवार भी महंगे सिलेंडर के आगे लाचार दिख रहे हैं।










