कर्नाटक में सांप्रदायिक हिंसा से निपटने के लिए सत्तारूढ़ भाजपा ने उत्तर प्रदेश-मध्य प्रदेश जैसी सख्त कार्रवाई का संकेत दिया है। पार्टी सूत्रों ने कहा कि इसके लिए सरकार पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और एमपी के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान का माडल अपनाने का दबाव बनाया जा रहा है।
बता दें कि हाल के कुछ दिनों में कर्नाटक के कुछ हिस्से सांप्रदायिक हिंसा के दौर से गुजर रहे हैैं। राज्य सरकार हालांकि उपद्रवियों पर कड़ी कार्रवाई कर रही है और उनकी गिरफ्तारियां भी हो रही हैैं, लेकिन राज्य में अभी भी तनाव बना हुआ है। सरकार ने कुछ उपद्रवियों पर यूएपीए एक्ट के तहत भी कार्रवाई की है। पार्टी नेता हिंसा के आरोपितों पर और कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैैं।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष नलिन कुमार कतील ने कहा कि हमें उपद्रवियों से निपटने के लिए यूपी-एमपी की तरह सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने राज्य में सांप्रदायिक तनाव पैदा करने के लिए कांग्रेस की आलोचना की।
कर्नाटक के मुख्यमंत्री बासवराज बोम्मई ने हुबली हिंसा मामले में निर्दोष लोगों को गिरफ्तार किए जाने के आरोपों से इन्कार किया। मंगलवार को एक बयान में उन्होंने कहा कि सुबूतों के आधार पर गिरफ्तारियां की गई हैं। उन्होंने कहा कि हिंसा में शामिल किसी को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों को सजा दिलाने में कोई समझौता नहीं किया जाएगा। बोम्मई ने कहा, कानून अपने हाथ में लेने वाले लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। किसी पुलिस थाने पर हमला करना एक अक्षम्य अपराध है। बता दें कि श्ानिवार रात ओल्ड हुबली पुलिस थाने में उपद्रवियों ने हमला कर दिया था जिसमें चार पुलिसकर्मी घायल हो गए थे।










