पाकिस्तान में हिंदू अल्पसंख्यकों पर अत्याचार लगातार जारी है। उसके दक्षिणी सिंध प्रांत से जून में अगवा हुई हिंदू किशोरी करीना कुमारी ने यहां एक अदालत में बताया कि उसे बलपूर्वक इस्लाम कुबूल करवाया गया है। साथ ही उसकी एक मुसलमान से शादी करा दी गई।
दक्षिणी सिंध प्रांत के बेनजीर शहीदाबाद में छह जून को अपने घर के बाहर से अगवा हुई करीना के गरीब पिता सुंदर माल ने नवाबशाह कोर्ट में पेशी के दौरान एक वीडियो संदेश में कहा कि उससे जबरन इस्लाम कुबूल करवाया गया और फिर खलीली नाम के आदमी से शादी करा दी गई। पीड़ित हिंदू लड़की ने उसे वापस अपने माता-पिता के घर भेजे जाने की मांग की है। हालांकि उसे अभी एक महिला केंद्र में भेजा गया है।
पीड़ित लड़की के पिता सुंदर माल ने कहा कि हम गरीब लोग हैैं और हमारे पास अदालत आने के लिए बस के किराये तक के पैसे नहीं हैैं। आज मेरी बेटी से सारी सच्चाई सामने रख दी है। अब अदालत को उसका अपहरण करने वाले, यौन उत्पीड़न करने वाले और उसे बेचने वालों के खिलाफ कार्रवाई कर उन्हें सख्त से सख्त सजा देनी चाहिए।
करीना के मामले में वकील दिलीप कुमार मंगलानी ने कहा कि जबरन निकाह की संस्कृति ने हिंदू लड़कियों और उनके परिवार के लोगों को खतरे में डाल दिया है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे मामलों में सजा दिलाने की पूरी कोशिश करते हैैं, लेकिन ज्यादातर मामलों में लोग नाबालिग लड़कियों के फर्जी दस्तावेज बनवाकर बच निकलते हैैं।










