रायपुर। राजधानी रायपुर के टिकरापारा थाना क्षेत्र अंतर्गत भाँटांगाँव स्थित रिंग रोड पर सोमवार को भयानक एक्सीडेंट देखने को मिला। यहां एक कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर की आवाज दूर तक सुनाई दी और आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। बड़े ही मुश्किल से हालात पर काबू पाया गया। राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी की जान को नुकसान नहीं पहुंचा है। लेकिन गाड़ी को बहुत नुकसान हुआ है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार और ट्रक दोनों तेज गति से चल रहे थे। इसी दौरान भाँटांगाँव के पास दोनों वाहन आमने-सामने भिड़ गए। टक्कर के बाद सड़क पर यातायात बुरी तरह प्रभावित हो गया और रिंग रोड पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ट्रैफिक जाम होने के कारण लोगों को बड़ी मुश्किलों का सामना करना पड़ा। लोग गर्मी में परेशान होते रहे।
वही दूसरी ओर घटना की सूचना मिलते ही टिकरापारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल यातायात व्यवस्था संभाली और सड़क पर फंसे वाहनों को निकाला गया। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त कार और ट्रक को सड़क से हटाने की कार्रवाई की गई, जिसके बाद यातायात सामान्य हो सका। राहत की बात यह रही कि इस सड़क हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि कार और ट्रक दोनों को नुकसान पहुंचा है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दुर्घटना के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।










