रायपुर, 14 अक्टूबर 2024 / राजधानी रायपुर में 16 से 20 अक्टूबर तक अखिल भारतीय वन खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसकी तैयारियां अंतिम चरण में हैं। उद्घाटन समारोह में भारतीय टी-20 क्रिकेट टीम के कप्तान सूर्य कुमार यादव शामिल होंगे, जिन्हें युवाओं के बीच ‘स्काई’ के नाम से जाना जाता है। यह कार्यक्रम कोटा स्थित स्टेडियम में आयोजित होगा। सोशल मीडिया पर जारी वीडियो में सूर्य कुमार यादव ने अपनी उत्सुकता जाहिर की और आयोजन समिति को शुभकामनाएं दी हैं।
इस प्रतियोगिता का समापन 20 अक्टूबर को होगा, जिसमें ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर भी मौजूद रहेंगी। दो प्रतिष्ठित खिलाड़ियों की उपस्थिति से विभिन्न राज्यों से आने वाले प्रतिभागियों में उत्साह है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने प्रतियोगिता में भाग लेने वाले सभी वन सेवा अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं दी हैं और कहा कि इन खिलाड़ियों की उपस्थिति से युवाओं और प्रतिभागियों के लिए यह एक प्रेरणादायक अवसर होगा।
आयोजन की नोडल अधिकारी शालिनी रैना ने बताया कि यह एक प्रतिष्ठित आयोजन है, जो वनों और वन्य प्राणियों के संरक्षण के प्रति समर्पित है। प्रतियोगिता में 3000 से अधिक प्रतिभागी शामिल होंगे, जिनके ठहरने और खेल आयोजन की पूरी व्यवस्था की गई है।










