रायपुर, 09 जनवरी 2025/ मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के चकरभाठा में पूज्य सिंधु समाज द्वारा आयोजित चालिहा महोत्सव में भाग लिया। उन्होंने भगवान झूलेलाल की पूजा-अर्चना कर छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की प्रार्थना की। इस अवसर पर उन्होंने पूज्य सिंधु अमरनाथ आश्रम के संत सांई लाल दास साहेब को नमन किया और उनका अभिनंदन किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि संत लाल दास जी द्वारा किया गया 40 दिन का तप प्रदेश में सकारात्मक ऊर्जा और खुशहाली लाएगा। उन्होंने बताया कि वरुण अवतार भगवान झूलेलाल जी का अवतरण भी 40 दिन के सामूहिक तप के बाद हुआ था, और संत लाल दास साहेब उसी परंपरा को आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने सिंधी समाज को धर्मप्रेमी और सेवा भावी बताते हुए कहा कि समाज ने विभाजन की पीड़ा झेली, लेकिन अपने पुरुषार्थ और सहयोग से आज भी तरक्की की राह पर अग्रसर है।
विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि चकरभाठा स्थित सिंधु अमर धाम के चालिहा उत्सव में देश-विदेश से श्रद्धालु आते हैं, और यहां का सेवा भाव प्रेरणादायक है। उत्सव में चिकित्सा शिविर का आयोजन होता है, जिसमें नामी चिकित्सक सेवाएं देते हैं। कार्यक्रम का संचालन करते हुए अमित चिमनानी ने कहा कि संत लाल दास साहेब का तप राज्य के लोगों के जीवन में समृद्धि लाएगा।
इस अवसर पर संभागायुक्त महादेव कावरे, कलेक्टर अवनीश शरण, एसपी रजनेश सिंह, रामू रोहरा, और बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।










