जशपुर।छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उनकी धर्मपत्नी कौशल्या साय ने कुनकुरी स्थित छठ घाट पर उषा अर्घ्य अर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों के सुख, समृद्धि और मंगलमय जीवन की कामना की।
लोक आस्था और सूर्योपासना का महापर्व छठ पूजा रविवार को पूरे देश में श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया गया। बिहार, झारखंड, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, नोएडा, चंडीगढ़ और मुंबई सहित कई राज्यों में छठ घाटों पर सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी।
गोरखपुर के गुरु गोरखनाथ घाट, पटना के कंकड़बाग और दीघा घाट, नोएडा के कालिंदी कुंज तट सहित देशभर के घाटों पर श्रद्धालु परिवारों सहित पहुंचे। घाटों पर भक्ति गीतों, ढोलक की थाप और पारंपरिक गीतों की गूंज सुनाई दी।
छठ घाटों को पारंपरिक रूप से केले के पेड़ों और दीपों से सजाया गया था। उषा अर्घ्य के साथ चार दिवसीय छठ महापर्व का समापन हुआ, जहां श्रद्धालुओं ने सूर्य देव से परिवार और समाज की खुशहाली की प्रार्थना की।










