रायपुर के खम्हारडीह आवासीय क्षेत्र में निगम जोन 9 ने आज कार्रवाई करते हुए एक डेयरी की 28 गायों को नगर निगम सीमा के बाहर शिफ्ट किया। यह कार्रवाई रहवासियों की शिकायत पर नगर निगम आयुक्त अबिनाश मिश्रा और अपर आयुक्त राजेन्द्र प्रसाद गुप्ता के निर्देशानुसार की गई।

निगम स्वास्थ्य अधिकारी डॉक्टर तृप्ति पाणीग्रही, जोन 9 के जोन कमिश्नर संतोष पाण्डेय, कार्यपालन अभियंता के. के. शर्मा, पदमाकर श्रीवास, सहायक अभियंता अंशुल शर्मा, जोन स्वास्थ्य अधिकारी अदिव्य हजारी, स्वच्छता निरीक्षक महेंद्र कलिहारी और भोला तिवारी की उपस्थिति में यह अभियान चलाया गया।
नेताजी सुभाषचन्द्र बोस वार्ड नम्बर 31 के खम्हारडीह आवासीय क्षेत्र में संचालित भावना पटेल की डेयरी पर यह कार्रवाई की गई। काऊकैचर वाहन और विशेष टीम की सहायता से डेयरी की 28 गायों को आवासीय क्षेत्र की सीमा के बाहर शिफ्ट किया गया। इससे रहवासियों द्वारा डेयरी के चलते हो रहे प्रदूषण और गंदगी की शिकायतों का त्वरित समाधान किया गया।









