रायपुर। कोरबा के शासकीय मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में आयोजित दीक्षारम्भ समारोह में उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के तहत आयोजित कार्यक्रम में नवप्रवेशित छात्राओं का स्वागत किया गया। इस दौरान महाविद्यालय की करीब 1,500 छात्राओं को सीएसआर (CSR) मद के माध्यम से एजुकेशन किट वितरित की गई।
कार्यक्रम में कोरबा की महापौर संजू देवी राजपूत अति विशिष्ट अतिथि और कलेक्टर कुणाल दुदावत विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। जनप्रतिनिधियों, महाविद्यालय की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी, प्राध्यापकों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं की उपस्थिति में कार्यक्रम आयोजित किया गया।
मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि बेटियां जितना अधिक पढ़ेंगी, परिवार, समाज और प्रदेश उतना ही सशक्त होगा। उन्होंने छात्राओं से शिक्षा के माध्यम से अपने भविष्य को बेहतर बनाने और प्रदेश के विकास में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
# मिनीमाता कन्या कॉलेज में बनेगा विशाल डोम
शिक्षा के क्षेत्र में अधोसंरचना विकास को बढ़ावा देने की दिशा में मंत्री देवांगन ने बड़ी घोषणा की। उन्होंने बताया कि मिनीमाता कन्या महाविद्यालय में डीएमएफ (DMF) मद से विशाल डोम का निर्माण कराया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि जिले के अन्य शासकीय महाविद्यालयों में भी विद्यार्थियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विशाल डोम सहित आवश्यक अधोसंरचनात्मक सुविधाएं विकसित की जाएंगी।
# विकसित छत्तीसगढ़ के लिए युवाओं की भूमिका अहम
मंत्री देवांगन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत और मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के वर्ष 2047 तक विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प को पूरा करने में युवाओं की भूमिका सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रदेश का विकास मॉडल GYAN यानी गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी पर केंद्रित है।
उन्होंने राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के प्रभावी क्रियान्वयन का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में उच्च शिक्षा का सकल नामांकन अनुपात (GER) वर्ष 2021-22 के 19.6 प्रतिशत से बढ़कर वर्तमान में 27.5 प्रतिशत हो गया है। उन्होंने इसे शिक्षा के क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलाव का महत्वपूर्ण संकेत बताया।
# महापौर ने छात्राओं से मेहनत के साथ आगे बढ़ने का किया आह्वान
महापौर संजू देवी राजपूत ने छात्राओं को देश का भविष्य बताते हुए कहा कि विकसित भारत के निर्माण में बेटियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने छात्राओं से निरंतर मेहनत, संघर्ष और लगन के साथ आगे बढ़ने तथा सफलता के शिखर तक पहुंचने का आह्वान किया।
# शिक्षा को डीएमएफ में सर्वोच्च प्राथमिकता
कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि जिले में डीएमएफ मद से किए जाने वाले कार्यों में शिक्षा को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है। उन्होंने बताया कि जिले के छात्र-छात्राओं को देश के किसी भी शासकीय महाविद्यालय में उच्च अध्ययन के लिए वित्तीय सहायता उपलब्ध कराई जाएगी।
कार्यक्रम के दौरान स्थानीय पार्षद, महाविद्यालय की प्राचार्य पपिया चतुर्वेदी, प्राध्यापकगण, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।










