अंबिकापुर : सरगुजा जिले के दरिमा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम तुरना में कुत्ते के काटने से बुजुर्ग की मौत हो गई। मृतक झनक राम राजवाड़े (65) का उपचार भी कराया जा रहा था,लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी।मृतक झनक राम राजवाड़े बीते 31 दिसंबर की रात किसी काम से अपने घर से बाहर निकले थे। उसी दौरान अचानक गली में घूमने वाले आवारा कुत्ते ने उन पर हमला कर दिया था। कुत्ते ने उनके चेहरे और हाथ पर काट लिया था, जिससे वे घायल हो गए थे। घटना के बाद स्वजन द्वारा उन्हें तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया था, जहां कुछ दिनों तक उनका इलाज चला। इलाज के दौरान स्वास्थ्य में सुधार होने पर स्वजन उन्हें घर लेकर आ गए थे। इसके बाद चिकित्सकीय सलाह के अनुसार समय-समय पर एंटी रैबीज इंजेक्शन भी लगवाए जा रहे थे। हालांकि 26 जनवरी को अचानक उनकी तबीयत फिर से बिगड़ गई। हालत गंभीर होने पर स्वजन उन्हें मेडिकल कॉलेज अस्पताल अंबिकापुर लेकर पहुंचे, जहां उन्हें भर्ती किया गया। मेडिकल कॉलेज अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उनका लगातार उपचार किया गया, लेकिन उनकी स्थिति में कोई सुधार नहीं हो सका। अंततः बुधवार की भोर में इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।इस दुखद घटना के बाद मृतक के परिवार में शोक है। गांव के लोग भी सहमे हुए हैं और आवारा कुत्तों की बढ़ती समस्या को लेकर चिंता जता रहे हैं।










