रायपुर। अर्पण कल्याण समिति द्वारा बजाज कॉलोनी, न्यू राजेंद्र नगर में संचालित दिव्यांग पब्लिक स्कूल में मूक-बधिर बच्चों के लिए स्पीच थैरेपी सेंटर की स्थापना की गई है। इस सेंटर को यंग इंडिया और रामा टीएमटी के सहयोग से शुरू किया गया है।
विशेषज्ञ चिकित्सक डॉ. राकेश पाण्डेय और डॉ. रुचिरा पाण्डेय द्वारा मूक-बधिर बच्चों की नियमित जांच की जाएगी, जिससे उनकी सुनने और बोलने की क्षमता को विकसित किया जा सके। स्पीच थैरेपी सेंटर का उद्घाटन प्रमोद दुबे ने किया।
इस अवसर पर यंग इंडिया और रामा टीएमटी ने स्कूल को स्पीच और हियरिंग थैरेपी उपकरण प्रदान किए, जिन्हें देखकर बच्चों ने इशारों की भाषा में अपनी खुशी व्यक्त की कि वे अब सुन और बोल सकेंगे।
इस सेंटर में स्थापित उपकरण बच्चों की संवाद क्षमता और सीखने की प्रक्रिया को आसान और प्रभावी बनाएंगे। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रमोद दुबे ने कहा कि यह सेंटर मूक-बधिर बच्चों के लिए एक वरदान साबित होगा।
कार्यक्रम में यंग इंडिया की अनुजा भंडारी, जुगल मदनानी, पंकज सोमानी, अंजलि केजरीवाल और रामा टीएमटी के स्टाफ मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन स्कूल की कोऑर्डिनेटर सीमा छाबड़ा ने किया और आभार प्रदर्शन समिति के अध्यक्ष प्रकाश शर्मा ने किया।










