रायपुर, 22 जनवरी 2026।बलौदा बाजार जिले के बकुलाही स्थित स्पंज आयरन फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने गहरा शोक व्यक्त किया है। इस दुर्घटना को उन्होंने अत्यंत दुखद और पीड़ादायक बताया। हादसे में छह श्रमिकों की मृत्यु हो गई, जबकि पांच श्रमिक गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर और उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधा के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है। मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि घायलों के इलाज में किसी भी प्रकार की कमी न रहे और सभी आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं।
मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य सरकार इस कठिन समय में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है। प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता प्रदान की जाएगी।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने दुर्घटना के कारणों की तथ्यपरक जांच के निर्देश दिए हैं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके। उन्होंने स्पष्ट किया कि श्रमिकों की सुरक्षा राज्य सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है और औद्योगिक इकाइयों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को स्वीकार नहीं किया जाएगा।










