लंदन: भारत और इंग्लैंड के बीच 19 जुलाई को लॉर्ड्स में होने वाला तीन मैच की वनडे सीरीज का आखिरी मुकाबला रोहित शर्मा के इंटरनेशनल करियर का आखिरी मैच हो सकता है. हालांकि इस पर अभी आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. मीडिया रिपोर्ट्स की माने तो सिलेक्टर्स और हेड कोच गौतम गंभीर ने रोहित शर्मा को बता दिया है कि अब टीम मैनेजमेंट उनसे परे देखना शुरू कर चुकी है और वनडे वर्ल्ड कप 2027 में उनकी जगह युवाओं को मौका दिया जाएगा. वहीं इस मामले में बीसीसीआई या रोहित शर्मा की ओर से किसी तरह का कोई बयान नहीं आया है, लेकिन पूर्व कप्तान के माता-पिता भारत से लंदन पहुंच चुके हैं.
2027 वर्ल्ड कप पर सिलेक्शन कमेटी की नजर
रोहित 39 साल के हैं इसलिए मैनेजमेंट का मानना है कि उन्हें अगले बड़े टूर्नामेंट तक टीम में बनाए रखना सही नहीं होगा, क्योंकि तब तक वे 40 साल से ज्यादा के हो चुके होंगे. मैनेजमेंट अब युवा टैलेंट और जबरदस्त फॉर्म में चल रहे यशस्वी जायसवाल को इस फॉर्मेट में लंबे समय तक खेलने का मौका देना चाहते हैं, ताकि उन्हें जरूरी इंटरनेशनल अनुभव मिल सके.










