अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बेटे जूनियर ट्रंप चुनाव में अपने पिता के समर्थन के लिए विश्व का एक नक्शा पोस्ट कर विवादों में आ गए। इसमें उन्होंने ट्रंप के समर्थक और उनके प्रतिद्वंद्वी जो बाइडेन के समर्थक देशों को लाल और नीले रंग में दिखाया। नक्शे में जूनियर ट्रंप ने जम्मू-कश्मीर को पाकिस्तान का हिस्सा बता दिया। इसके साथ ही भारत को बाइडेन के प्रभाव वाला देश करार दे दिया।
अमेरिका में राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान शुरू होने के बीच में ही जूनियर ट्रंप ने विश्व के एक नक्शे के साथ एक ट्वीट किया। इस में उन्होंने लिखा कि वह मानचित्र के जरिए चुनाव को लेकर अनुमान जता रहे हैं। उन्होंने दिखाया कि कुछ देशों को छोड़ सारी दुनिया उनके पिता और रिपब्लिकन पार्टी का समर्थन कर रही है।
इस नक्शे में कैलिफोर्निया राज्य, भारत, मैक्सिको, लाइबेरिया, क्यूबा, चीन को नीले रंग में दिखाकर कहा गया कि यहां से डेमोक्रेटिक पार्टी को समर्थन मिल रहा है। भारत को नीले रंग में दिखाया गया, लेकिन जम्मू-कश्मीर और पूर्वोत्तर को लाल रंग में दिखाया गया। इतना ही नहीं नक्शे में भारत की सीमा का भी गलत चित्रण किया गया। कश्मीर और पूर्वोत्तर के राज्यों को भारत के रंग से अलग दिखाने के लिए जूनियर ट्रंप की ट्विटर पर जमकर आलोचना की गई।










