रायपुर। राज्य में एक बार फिर से मौसम करवट लेते दिखाई दे रहा है। हल्के बादल छाने के साथ-साथ आने वाले दिन में कई स्थानों में हल्की और मध्यम बारिश होने की संभावना है।
राजधानी रायपुर में मौसम में कुछ परिवर्तन हुआ है। यही कारण है कि तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखा जा रहा है। शनिवार को दिनभर बादलों की होती लुकाछिपी के साथ रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना है। यह बारिश खंड वर्षा की तरह भी हो सकती है। इसके अलावा दुर्ग, जगदलपुर, बिलासपुर, बैलाडीला धमतरी समेत अन्य जिलों में भी हल्की बारिश या बौछार पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, मानसून द्रोणिका गंगानगर, हिसार, मेरठ, लखनऊ, गया, पुरुलिया, दीघा, और उसके बाद पूर्व-दक्षिण-पूर्व की ओर उत्तर-पूर्व बंगाल की खाड़ी तक स्थित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा उत्तर-उत्तर प्रदेश के ऊपर 3.6 किलोमीटर ऊंचाई तक विस्तारित है। एक ऊपरी हवा का चक्रीय चक्रवाती घेरा पूर्व-मध्य बंगाल की खाड़ी और उससे लगे दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी के ऊपर 4.5 किलोमीटर से 5.6 किलोमीटर ऊंचाई तक स्थित है । इसका असर राज्य के मौसम में भी दिखाई देगा।










