बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी के कारण मौसम में तेजी से बदलाव होगा। इससे देशभर में पारा गिरेगा और ठंड बढ़ेगी। मौसम विभाग के मुताबिक इसके कारण दक्षिण छत्तीसगढ़ के बस्तर में बादल छाए रहेंगे। कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है। छह नवंबर के बाद से न्यूनतम तापमान में गिरावट आएगी और ठंड में बढ़ोतरी होगी।
मौसम विभाग के अनुसार, बस्तर के कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। बंगाल की खाड़ी से नमी आने के कारण छत्तीसगढ़ के दक्षिण इलाके में बादल छाए रहेंगे। बस्तर संभाग के कुछ इलाकों में हल्की बारिश भी हो सकती है. आकाशीय बिजली गिरने की भी आशंका है। हालांकि इलाके में तापमान में कोई बदलाव नहीं होगा।
रायपुर में बढ़ने लगी ठंड : राजधानी रायपुर समेत प्रदेश के कई इलाकों में मौसम शुष्क रहा और धूप निकली रही। सर्वाधिक तापमान दुर्ग में 31.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। रायपुर में अधिकतम तापमान 31.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 21.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। तापमान में गिरावट की वजह से रात को हल्की ठंड महसूस होने लगी है।
इसके अलावा जगदलपुर समेत दंतेवाडा, बीजापुर और सुकमा में बादल छाए रहेंगे। यहां हल्की ठंडी हवाएं भी चल सकती है। कांकेर, कोंडागांव जिले में तेज धूप निकलेगी। अचानक मौसम के फेरबदल होने से ठंड बढ़ने लगेगी। पिछले हफ्ते सबसे ज्यादा 31.4 डिग्री तो नवंबर के पहले हफ्ते सबसे कम 20.7 डिग्री तापमान दर्ज किया गया था। साथ ही मौसम विभाग ने इस साल अच्छे ठंड की संभावना जताई है।










