भारतीय क्रिकेटर रिषभ पंत को बुधवार को एयरलिफ्ट कर देहरादून से मुंबई शिफ्ट किया गया, जहां उनकी लिगामेंट की चोट की सर्जरी की जाएगी। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने बताया, पंत अनिश्चितकाल के लिए प्रतिस्पर्धी क्रिकेट से बाहर रहेंगे।
बीसीसीआइ सचिव जय शाह ने बुधवार को कहा, 30 दिसंबर को सड़क हादसे में घायल हुए पंत को देहरादून के मैक्स अस्पताल से मुंबई ले जाया गया है, जहां उनके घुटने और टखने की लिगामेंट चोट का व्यापक उपचार होगा। पंत व्यावसायिक एयरलाइन से उड़ान भरने की स्थिति में नहीं थे, लिहाजा उन्हें एयर एंबुलेंस से मुंबई लाने का फैसला किया गया।
शाह ने कहा, उन्हें कोकिलाबेन धीरूभाई अंबानी अस्पताल और चिकित्सा अनुसंधान संस्थान में भर्ती कराया जाएगा और अस्पताल में सेंटर फार स्पोटर्स मेडिसिन के प्रमुख डाक्टर दिनशा परदीवाला की सीधी निगरानी में उनका इलाज होगा। रिषभ की लिगामेंट की चोट के लिए सर्जरी होगी और उन्हें बाद की प्रक्रियाओं से गुजरना होगा। बोर्ड रिषभ की उबरने की प्रक्रिया में सहायता और तेजी लाने के लिए हर संभव प्रयास करेगा।
नहीं हो सका एमआरआई
पंत के घुटने और टखने का एमआरआई नहीं किया जा सकता है क्योंकि उनमें काफी सूजन थी। हालांकि यह समझा जाता है कि केंद्रीय अनुबंधित क्रिकेटर के लिए किसी भी खेल संबंधी चोट का उपचार बीसीसीआइ के डाक्टरों द्वारा किया जाएगा और डा नितिन पटेल के नेतृत्व में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में खेल और चिकित्सा विज्ञान टीम की देखरेख में रिहैबिलिटेशन होगा।










