बेंगलुरु में मॉर्निंग वॉक के दौरान एक महिला पर पड़ोसी के पालतू कुत्ते ने अचानक जानलेवा हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के चेहरे, गर्दन और पैरों पर बेरहमी से काट लिया। महिला को बचाने आए एक व्यक्ति को भी कुत्ते ने निशाना बनाया। इस सनसनीखेज घटना का सीसीटीवी वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, जिसके बाद उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत बेहद नाजुक थी और उसके चेहरे व गर्दन पर करीब 50 टांके लगाने पड़े हैं।
घटना 26 जनवरी की सुबह करीब 6:54 बजे बेंगलुरु के एचएसआर लेआउट स्थित टीचर्स कॉलोनी की है। जानकारी के अनुसार महिला रोज की तरह सुबह टहलने निकली थी, तभी पड़ोसी का पालतू कुत्ता बिना किसी उकसावे के उस पर झपट पड़ा और उसकी गर्दन को निशाना बनाया। जब महिला की चीख-पुकार सुनकर एक व्यक्ति उसे बचाने के लिए आगे आया, तो कुत्ते ने उस पर भी हमला कर दिया। वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि व्यक्ति कुत्ते को पकड़कर महिला से दूर खींचने की कोशिश करता है। इसी बीच घायल महिला किसी तरह उठकर अपने घर में दाखिल होती है और गेट बंद कर लेती है।
हमले में महिला के चेहरे, हाथों और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं और उसका इलाज अभी जारी है। पीड़िता के पति ने एचएसआर लेआउट थाने में शिकायत दर्ज कराई है। शिकायत में कुत्ते के मालिक पर लापरवाही बरतने और पालतू जानवर को बिना नियंत्रण के छोड़ने का आरोप लगाया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।










