रायपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर राजधानी रायपुर में ‘सेवा के रंग, राष्ट्र के संग’ समारोह का आयोजन किया गया। बलवीर सिंह जुनेजा इनडोर स्टेडियम में आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय शामिल हुए। समारोह के दौरान ‘नमो सेवा गाथा’ लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संघर्ष, सेवा और राष्ट्र निर्माण की प्रेरणादायी यात्रा को प्रस्तुत किया गया।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि 7 अक्टूबर देश के सार्वजनिक जीवन में एक महत्वपूर्ण पड़ाव है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हुए हैं। गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और देश के प्रधानमंत्री के रूप में 12 वर्ष से अधिक की उनकी यात्रा सेवा, सुशासन, जनकल्याण और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण की प्रेरक गाथा है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखते हुए भारत को समृद्ध, सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर काम किया है। 140 करोड़ देशवासियों को अपना परिवार मानकर ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को आगे बढ़ाया जा रहा है। सरकार की योजनाओं के केंद्र में गरीब, किसान, युवा, महिला और वंचित वर्ग हैं तथा विकास की पहुंच समाज के अंतिम व्यक्ति तक सुनिश्चित करने का प्रयास किया गया है।
सीएम साय ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प देश के सामने रखा है। इस लक्ष्य को हासिल करना केवल सरकारों की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। विकसित भारत के साथ विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण के लिए भी प्रदेशवासियों को पूरी शक्ति और संकल्प के साथ आगे बढ़ना होगा।
मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान को 13 अलग-अलग बिंदुओं के माध्यम से जनभागीदारी से जोड़ा गया है। अभियान का उद्देश्य सेवा, स्वच्छता, सामाजिक सरोकार और राष्ट्र निर्माण की भावना को जन-जन तक पहुंचाना है। उन्होंने प्रदेशवासियों से अभियान में अधिक से अधिक भागीदारी की अपील की।
‘नमो सेवा गाथा’ को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस लाइट एंड साउंड शो के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन के विभिन्न पड़ावों, संघर्ष, सेवा भावना और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को समझने का अवसर मिला। सामान्य परिस्थितियों से आगे बढ़कर परिश्रम, अनुशासन, दृढ़ इच्छाशक्ति और सेवा भाव के माध्यम से देश का नेतृत्व करने तक की यह यात्रा नई पीढ़ी को प्रेरणा देती है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के दृढ़ संकल्प, सुरक्षा बलों के साहस तथा स्थानीय जनता के सहयोग से नक्सलवाद के विरुद्ध अभियान को ऐतिहासिक सफलता मिली है। दशकों तक हिंसा और भय से प्रभावित रहे बस्तर में अब परिस्थितियां तेजी से बदल रही हैं। जिन क्षेत्रों में कभी विकास पहुंचना कठिन था, वहां सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, संचार और शासन की योजनाएं पहुंच रही हैं।
सीएम साय ने कहा कि बस्तर में शांति, विकास और जनविश्वास का नया दौर शुरू हुआ है। सरकार का संकल्प है कि बस्तर का प्रत्येक नागरिक विकास की मुख्यधारा से जुड़े और क्षेत्र के युवाओं को शिक्षा, कौशल, रोजगार तथा उद्यमिता के बेहतर अवसर मिलें।
किसानों की समृद्धि को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में किसानों के सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण के लिए कई महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। केंद्र और राज्य की डबल इंजन सरकार किसान हित में प्रतिबद्धता के साथ काम कर रही है। किसानों की आय बढ़ाने, कृषि को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
महिला सशक्तिकरण का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने महिलाओं को राष्ट्र की प्रगति का महत्वपूर्ण आधार माना है। इसी भावना के अनुरूप छत्तीसगढ़ सरकार भी महिलाओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार काम कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि महतारी वंदन योजना के तहत प्रदेश की करीब 68 लाख पात्र महिलाओं को हर महीने एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जा रही है। योजना के अंतर्गत अब तक 20 हजार करोड़ रुपये से अधिक की राशि प्रदान की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि इससे महिलाओं की आर्थिक क्षमता बढ़ने के साथ परिवार के निर्णयों में उनकी भागीदारी भी मजबूत हो रही है।
छत्तीसगढ़ में रेल कनेक्टिविटी के विस्तार को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में रेल सुविधाओं के विकास के लिए करीब 51 हजार करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत छत्तीसगढ़ के 32 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। नई रेल परियोजनाओं और स्टेशनों के आधुनिकीकरण से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं मिलने के साथ दूरस्थ क्षेत्रों की कनेक्टिविटी भी मजबूत होगी।
उन्होंने कहा कि बेहतर रेल नेटवर्क से उद्योग, व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को नई गति मिलेगी। रेल अधोसंरचना का विस्तार छत्तीसगढ़ के आर्थिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
जनजातीय विकास को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज का सम्मान, संस्कृति का संरक्षण और उनके क्षेत्रों का समग्र विकास सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल है। धरती आबा जनजातीय ग्राम उत्कर्ष अभियान के तहत छत्तीसगढ़ के 6,691 जनजातीय गांवों में आवास, सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, बिजली और आजीविका जैसी बुनियादी सुविधाओं को मजबूत किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जनजातीय समाज छत्तीसगढ़ की संस्कृति और परंपराओं की पहचान है। सरकार का प्रयास है कि विकास की यात्रा में जनजातीय अंचल केवल सहभागी न रहें, बल्कि प्रदेश की प्रगति के प्रमुख केंद्र के रूप में आगे बढ़ें।
निवेश के क्षेत्र में छत्तीसगढ़ की बढ़ती संभावनाओं का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वैश्विक स्तर पर भारत के प्रति बढ़े विश्वास का लाभ राज्य को भी मिल रहा है। नई औद्योगिक विकास नीति, पारदर्शी प्रशासन और निवेश-अनुकूल वातावरण के माध्यम से छत्तीसगढ़ को देश के प्रमुख निवेश गंतव्यों में स्थापित करने की दिशा में तेजी से काम किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने हालिया सिंगापुर प्रवास का उल्लेख करते हुए कहा कि वहां उद्योग जगत के साथ हुई चर्चा में छत्तीसगढ़ के प्रति निवेशकों में व्यापक उत्साह देखने को मिला। उन्होंने बताया कि राज्य की नई औद्योगिक विकास नीति और निवेश-अनुकूल वातावरण से प्रभावित होकर 15 बड़ी कंपनियों के प्रतिनिधियों ने वन-टू-वन चर्चा में छत्तीसगढ़ में निवेश को लेकर रुचि दिखाई है।
उन्होंने कहा कि इन निवेश प्रस्तावों का उद्देश्य केवल नए उद्योग स्थापित करना नहीं है, बल्कि प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करना, स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूत करना और छत्तीसगढ़ को आधुनिक उद्योग, तकनीक तथा नवाचार के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करना है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित भारत के संकल्प में विकसित छत्तीसगढ़ की भूमिका महत्वपूर्ण है। सरकार का लक्ष्य ऐसा छत्तीसगढ़ बनाना है, जो समृद्ध, आत्मनिर्भर और देश की विकास यात्रा में अग्रणी योगदान देने वाला राज्य बने।
सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकास, आत्मनिर्भरता और वैश्विक प्रतिष्ठा की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है। विकसित भारत-2047 का निर्माण केवल सरकार का संकल्प नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक की सहभागिता से जुड़ा राष्ट्रीय लक्ष्य है।
उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक को अपने क्षेत्र में जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए देश की आर्थिक प्रगति और राष्ट्र निर्माण में योगदान देना चाहिए। बृजमोहन अग्रवाल ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर प्रदेशवासियों की ओर से बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश रक्षा, अर्थव्यवस्था, अधोसंरचना, स्वच्छता, आत्मनिर्भरता और जनकल्याण सहित विभिन्न क्षेत्रों में तेजी से आगे बढ़ा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए देश की सेवा को अपना प्रमुख उद्देश्य बनाया है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छ भारत अभियान से लेकर विकसित भारत-2047 के संकल्प तक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के सामने ऐसे लक्ष्य रखे हैं, जिन्होंने समाज के प्रत्येक वर्ग को राष्ट्र निर्माण में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया है।
कार्यक्रम में विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू, जिला पंचायत अध्यक्ष नवीन अग्रवाल, पूर्व महिला आयोग अध्यक्ष हर्षिता पाण्डेय सहित अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक और बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।










