दुर्ग: नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत दुर्ग पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से करीब 2.5 किलो गांजा जब्त किया है।
मिली जानकारी के अनुसार, देवार बस्ती क्षेत्र में नियमित जांच के दौरान संदिग्ध गतिविधि पर नजर रखते हुए पुलिस ने कार्रवाई की। तलाशी के दौरान आरोपी के पास से गांजा बरामद किया गया। इसके साथ ही 400 रुपये नगद भी जब्त किए गए हैं।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तुरंत पुलिस को दें, ताकि ऐसे अपराधों पर प्रभावी रोक लगाई जा सके। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे से जुड़े मामलों में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
आपात स्थिति या शिकायत के लिए नागरिक 112 या 1933 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।










