रायपुर, 17 जून 2024/ छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा पॉलिटेक्निक कॉलेजों में प्रवेश हेतु पीपीटी परीक्षा का आयोजन राज्य के 32 जिला मुख्यालयों में 23 जून 2024 को सुबह 9:00 बजे से दोपहर 12:15 बजे तक किया जाएगा। अभ्यर्थी अपनी प्रोफाइल में जाकर प्रवेश पत्र 17 जून से डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा, अभ्यर्थी प्रवेश पत्र व्यापम की वेबसाइट vyapam.cgstate.gov.in और https://vyapamaar.cgstate.gov.in एवं चिप्स की वेबसाइट http://cgstate.gov.in पर उपलब्ध लिंकों पर क्लिक करके अपने प्रोफाइल लॉगिन पेज पर जा सकते हैं और अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को उनके पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से एक संक्षिप्त यूआरएल भी भेजा जाएगा, जिसे क्लिक कर अभ्यर्थी अपने मोबाइल पर सीधे प्रवेश पत्र प्राप्त कर उसका प्रिंट आउट ले सकते हैं।
छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मण्डल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, सभी परीक्षार्थियों को परीक्षा दिवस पर लगभग एक घंटे पूर्व अपने परीक्षा केंद्र में उपस्थित होना होगा, जिससे उनके मूल पहचान पत्र से उनकी पहचान की जा सके और परीक्षा केंद्र में प्रवेश की अनुमति मिल सके। किसी भी परीक्षार्थी को परीक्षा केंद्र से संबंधित कोई कठिनाई होती है तो वे हेल्पलाइन नंबर 0771-2972780 और मोबाइल नंबर 8269801982 पर संपर्क कर सकते हैं। अभ्यर्थियों को संपूर्ण प्रवेश पत्र डाउनलोड कर उसका प्रिंट आउट अवश्य निकालना होगा। यदि इंटरनेट से प्राप्त प्रवेश पत्र पर फोटो नहीं आता है तो अभ्यर्थी अपने साथ दो रंगीन पासपोर्ट साइज फोटो लेकर परीक्षा केंद्र में जाएं। परीक्षार्थियों को डाकघर के माध्यम से प्रवेश पत्र नहीं भेजा जाएगा। यह उचित होगा कि परीक्षार्थी परीक्षा दिवस से एक दिन पूर्व ही अपने परीक्षा केंद्र की भौगोलिक स्थिति से भली-भांति परिचित हो जाएं। परीक्षा प्रारंभ होने के बाद किसी को भी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। परीक्षार्थियों को अपना फोटोयुक्त मूल पहचान पत्र जैसे मतदाता पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, पैन कार्ड, आधार कार्ड, पासपोर्ट, विद्यालय का फोटोयुक्त परिचय पत्र, या फोटोयुक्त अंकसूची (मूलरूप में, फोटो कॉपी मान्य नहीं) परीक्षा दिवस पर परीक्षा केंद्र में लाना अनिवार्य होगा। मूल पहचान पत्र के अभाव में परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।










