रायपुर, 16 अप्रैल 2026।छत्तीसगढ़ में शिक्षकीय पदों पर भर्ती की प्रक्रिया शुरू होने जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय की घोषणा के अनुरूप स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा कुल 5000 शिक्षकीय पदों पर भर्ती की पहल की गई है। इसी क्रम में सहायक शिक्षक के 2292 पदों पर भर्ती के लिए विज्ञापन जारी किया जा रहा है।
जारी जानकारी के अनुसार, इन 2292 पदों में से 795 पद ई-संवर्ग की शालाओं में और 1497 पद टी-संवर्ग की शालाओं में भरे जाएंगे। इन पदों के लिए शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा और अन्य आवश्यक शर्तों का विवरण विस्तृत विज्ञापन में उपलब्ध रहेगा।
लोक शिक्षण संचालनालय के उपसंचालक अशोक नारायण बंजारा ने बताया कि विस्तृत विज्ञापन छत्तीसगढ़ व्यापम की आधिकारिक वेबसाइट और स्कूल शिक्षा विभाग के पोर्टल पर जारी किया जाएगा। साथ ही भर्ती परीक्षा का पाठ्यक्रम भी व्यापम की वेबसाइट पर अपलोड किया जाएगा।
सहायक शिक्षक भर्ती के लिए लिखित परीक्षा का आयोजन छत्तीसगढ़ व्यापम द्वारा किया जाएगा, जिसकी संभावित तिथि 11 अक्टूबर 2026 निर्धारित की गई है। ऑनलाइन आवेदन की तिथि और प्रक्रिया की जानकारी व्यापम द्वारा अलग से जारी की जाएगी।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री की घोषणा के अनुसार व्याख्याता और शिक्षक पदों पर भर्ती के लिए भी अलग से विज्ञापन जारी किए जाएंगे, जिससे प्रदेश में शिक्षकीय स्टाफ की कमी को दूर किया जा सकेगा।










