राजस्थान के जयपुर में ऑडी कार वाले लुटेरों ने महज 5 हजार रुपये के लिए दो युवकों की पटाई कर दी। एक युवक साइकिल से तो दूसरा स्कूटी से चल रहा था तभी ऑडी कार सवार चार बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में गाड़ी आगे लगाकर उनकी पिटाई शुरू कर दी। इसके बाद उनकी जेब से 5 हजार रुपये लेकर कार से भागे निकले, घटना सीसीटीवी में कैद हो गई।
घटना जयपुर के इमली फाटक के पास की है। यहां तड़के करीब 4.13 बजे दो सगे भाई आशीष कुमार और मनोज कुमार करतारपुरा से अपने-अपने साधन से इमली फाटक की तरफ जा रहे थे, तभी एक ऑडी कार तेज रफ्तार में उनके आगे आकर रुकी। एकबारगी दोनों भाई घबरा गए, लेकिन थोड़ी देर बाद कार में से चार बदमाश नीचे उतरे और उनके साथ पिटाई शुरू कर दी। हालांकि, इस दौरान मॉर्निंग वॉक पर निकले कुछ लोगों ने बीच-बचाव भी किया, लेकिन किसी को माजरा समझ नहीं आया। इसका फायदा उठाते हुए बदमाशों ने दोनों भाइयों की जमकर पिटाईकर और उनसे नगदी की डिमांड करते हुए जेबें खंगाली, लेकिन महज 5 हजार रुपये ही मिले। इसके बाद जाते जाते बदमाशों ने धमकी दी की यदि पुलिस को बताया तो अंजाम बुरा होगा।
बाद में लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों भाइयों को मरहम पट्टी करवाघर पहुंचा दिया। इसके बाद हिम्मत जुटा दोनों पीड़ित भाइयों ने ज्योति नगर थाना पुलिस में अज्ञात बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया। रिपोर्ट के बाद पुलिस ने घटनास्थल के आसपास सीसीटीवी कैमरे खंगाले, जिसमें कार सवार बदमाश पूरी वारदात को अंजाम देते हुए दिखाई दे रहे हैं। हालांकि, फुटेज में बदमाशों की पहचान नहीं हो रही, लेकिन बदमाश ऑडी जैसी लग्जरी कार में आए थे। अब वाहन नबरों के आधार पर पुलिस बदमाशों की तलाश की कर रही है।










