अंबिकापुर : बलरामपुर जिले के कुसमी एसडीएम करुण डहरिया पर हत्या का आरोप लगा है। बाक्साइट लोड ट्रक रोकने के संदेह पर खेत से लौट रहे तीन ग्रामीणों पर एसडीएम व उसके सहयोगियों पर मारपीट का आरोप है। पिटाई से एक आदिवासी की मौत हो गई।दो घायल ग्रामीणों को कुसमी अस्पताल में भर्ती किया गया है।इस घटना के बाद कुसमी में माहौल गरमा गया है। आसपास के चार थानों की पुलिस को कुसमी में तैनात किया गया है। पूरा विवाद बाक्साइट के अवैध उत्खनन से जुड़ा हुआ है।कुसमी क्षेत्र के मगाजी के नजदीक बाक्साइट का अवैध उत्खनन किया जा रहा है। यह बाक्साइट झारखंड भेजा जा रहा है। इस अवैध कारोबार में सत्ताधारी दल से जुड़े कुछ पदाधिकारी शामिल है,प्रशासनिक सहयोग से यह काम चल रहा था जबकि गांव वाले इसके विरोध में थे। रविवार की रात हंसपुर के नजदीक नाराज ग्रामीणों ने बाक्साइट लोड एक ट्रक को रोक लिया था। इसकी जानकारी लगने पर कुसमी एसडीएम करुण डहरिया , नायब तहसीलदार पारस शर्मा तथा कुछ बाहरी लोगों को लेकर मौके पर पहुंचे थे। एक थार गाड़ी तथा एसडीएम की निजी वाहन से लोगों के पहुंचते ही ट्रक रोकने वाले भाग गए थे। खबर है कि बाक्साइट के अवैध उत्खनन में प्रशासनिक अमले की भी संलिप्तता थी। इसी कारण एसडीएम उनका साथ देने गए थे। उनकी मुलाकात खेत से लौट रहे रामनरेश राम(62), अजीत उरांव (60) और आकाश अगरिया (20) से हो गई। आरोप है कि एसडीएम ने इन्हें पाइप एयर डंडे से पीटना शुरू किया। मारपीट में तीनों घायल हो गए। रामनरेश राम बेहोश हो गया। आनन – फानन में तीनों को वाहन में बैठाकर कुसमी अस्पताल ले जाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने रामनरेश राम को मृत घोषित कर दिया। जबकि अजीत उरांव तथा आकाश अगरिया का उपचार अस्पताल में चल रहा है।










