बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी की हालिया रिलीज फिल्म सूर्यवंशी को लोगों ने काफी पसंद किया है। इसका सबूत देते हैं लगातार सामने आ रहे इस फिल्म की कमाई के आंकड़े।
बॉलीवुड सुपरस्टार अक्षय कुमार और रोहित शेट्टी की इस फिल्म को मेकर्स ने दिवाली के अगले दिन यानी 5 नवंबर को थियेटर पर उतारा था। कोरोना काल के बाद ये हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की पहली बड़ी रिलीज फिल्म थी। जिसका दर्शकों ने भी बांहे फैलाकर स्वागत किया। फिल्म की रिलीज को अब 16 दिन पूरे हो चुके हैं। 16वें दिन भी अक्षय कुमार-रोहित शेट्टी की फिल्म की कमाई बिना रुके जारी है।

फिल्म ने तीसरे वीकेंड में कदम रखते हुए शनिवार को कुल 3.77 करोड़ रुपये बटोरे। ये रकम शुक्रवार को सामने आए आंकड़ों से ज्यादा है। तीसरे शुक्रवार को फिल्म ने 3.26 करोड़ रुपये बटोरे थे, जिसके बाद उम्मीद की जा रही है कि फिल्म रविवार को भी बंपर कमाई करने वाली है। इसके साथ ही फिल्म ने अब तक कुल 173.27 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली है। अब ये फिल्म 200 करोड़ रुपयों के आंकड़ों से खासा दूर नहीं है। ऐसे में हर किसी की नजर अब इस पर टिकी हुई है कि फिल्म 200 करोड़ रुपये का माइलस्टोन किस दिन हासिल करेगी।
फिल्म स्टार अक्षय कुमार-रोहित शेट्टी की मसाला एंटरटेनर कॉप ड्रामा फिल्म को दर्शकों ने खूब पसंद किया है। दिलचस्प बात ये है कि आने वाले शुक्रवार को दो और बड़ी फिल्में थियेटर पहुंच रही है। ये दोनों फिल्में भी कॉप ड्रामा ही है। जॉन अब्राहम जहां 26 नवंबर के दिन अपनी फिल्म सत्यमेव जयते 2 लेकर थियेटर आ रहे हैं तो इसी दिन सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म अंतिम भी सिनेमाघर पहुंच रही है। अंतिम में सलमान खान सिख पुलिसकर्मी के रोल में दिखेंगे। जॉन अब्राहम भी पुलिस के अवतार में नजर आने वाले हैं। ऐसे में ये दोनों फिल्में सूर्यवंशी को कड़ी टक्कर देने वाली है।










