रायपुर, 1 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर नवा रायपुर का आसमान भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और अद्भुत उड़ान कौशल का गवाह बना। नवा रायपुर स्थित सेंध लेक में भारतीय वायुसेना की विश्वप्रसिद्ध सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम ने फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान हैरतअंगेज हवाई करतबों का प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय इस रोमांचकारी रिहर्सल के साक्षी बने। इस दौरान आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के जवानों ने अपने अदम्य साहस, अनुशासन और बेहतरीन तालमेल से दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने भारतीय वायुसेना के जवानों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रतिष्ठित सारंग टीम की प्रस्तुति प्रदेशवासियों के लिए गौरव और प्रसन्नता का विषय है। वायु वीरों ने जिस साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और सटीक समन्वय के साथ अपने कौशल का प्रदर्शन किया है, वह विशेषकर युवाओं के लिए प्रेरणादायी है। यह आयोजन केवल रोमांचकारी हवाई करतबों तक सीमित नहीं है, बल्कि भारतीय वायुसेना की उत्कृष्ट क्षमता, कठिन प्रशिक्षण, समर्पण और राष्ट्रसेवा की भावना का जीवंत उदाहरण है।
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कामना की कि राज्य निरंतर विकास, प्रगति और समृद्धि की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे। उन्होंने कहा कि राज्य स्थापना दिवस के उत्सव के बीच भारतीय वायुसेना के जांबाजों का यह शानदार प्रदर्शन प्रदेशवासियों के उत्साह और गौरव को और बढ़ा रहा है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि सारंग का अर्थ मोर होता है। जिस प्रकार मोर देश की विशिष्ट पहचान और सुंदरता का प्रतीक है, उसी प्रकार सारंग टीम भारतीय वायुसेना की गरिमा, उत्कृष्ट कौशल और अनुशासन का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि सारंग टीम का प्रदर्शन हमें सिखाता है कि अनुशासन, समर्पण, सामूहिक प्रयास और आपसी विश्वास से कठिन से कठिन लक्ष्य भी हासिल किए जा सकते हैं।
आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने दिखाया अद्भुत साहस

हवाई प्रदर्शन की शुरुआत भारतीय वायुसेना की प्रसिद्ध आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम ने की। टीम के जवानों ने ऊंचे आसमान से छलांग लगाकर पैराशूट के माध्यम से नियंत्रित और संतुलित लैंडिंग का प्रदर्शन किया। निर्धारित दिशा और गति के अनुरूप पैराशूट को नियंत्रित करते हुए जवान सेंध लेक के सामने तय स्थान पर सुरक्षित उतरे।
आसमान से धरती की ओर उतरते जांबाजों का प्रदर्शन दर्शकों के लिए रोमांच और उत्सुकता से भरा रहा। जवानों की सफल लैंडिंग के बाद पूरा परिसर तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। इस प्रस्तुति ने भारतीय वायुसेना के जवानों की शारीरिक दक्षता, मानसिक दृढ़ता और उच्चस्तरीय प्रशिक्षण की शानदार झलक पेश की।

गरुड़ कमांडोज ने किया रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रदर्शन
आकाशगंगा टीम के बाद भारतीय वायुसेना के गरुड़ कमांडोज ने एमआई-17 हेलीकॉप्टर से स्लिदरिंग का साहसिक प्रदर्शन किया। जवानों ने हवा में स्थिर हेलीकॉप्टर से रस्सियों के सहारे नीचे उतरकर अपनी विशेष परिचालन क्षमता और दक्षता का परिचय दिया।
इसके बाद कमांडोज ने सेंध लेक के सामने रेस्क्यू और कॉम्बैट ऑपरेशन का प्रभावशाली प्रदर्शन किया। जवानों की त्वरित कार्रवाई, सटीक नियंत्रण और चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में मिशन को अंजाम देने की क्षमता देखकर दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।
पांच हेलीकॉप्टरों की फॉर्मेशन ने थाम दीं दर्शकों की सांसें
कार्यक्रम का सबसे बड़ा आकर्षण भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम का प्रदर्शन रहा। ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार के नेतृत्व में टीम के पांच हेलीकॉप्टरों ने नवा रायपुर के आसमान में एक के बाद एक आकर्षक फॉर्मेशन और रोमांचकारी हवाई करतब प्रस्तुत किए।
सारंग टीम के पायलटों ने अत्यंत सटीक नियंत्रण, संतुलन और आपसी समन्वय के साथ हेलीकॉप्टरों का संचालन किया। कभी पांचों हेलीकॉप्टर एक साथ आकर्षक फॉर्मेशन में उड़ान भरते नजर आए, तो कभी अलग-अलग दिशाओं में जाकर दोबारा एक साथ निर्धारित फॉर्मेशन में लौट आए।
प्रदर्शन के दौरान हेलीकॉप्टरों का एक-दूसरे के बेहद करीब से गुजरने वाला क्रॉसओवर करतब सबसे रोमांचकारी रहा। तेज गति से एक-दूसरे के सामने से गुजरते हेलीकॉप्टरों को देखकर दर्शक आश्चर्यचकित रह गए। पायलटों की एकाग्रता, अद्भुत नियंत्रण क्षमता और सटीक तालमेल ने इस प्रदर्शन को यादगार बना दिया।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सारंग टीम के प्रत्येक करतब को उत्साहपूर्वक देखा और पायलटों के साहस, अनुशासन तथा उत्कृष्ट समन्वय की सराहना की।
सारंग के कॉकपिट से गूंजा छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया
छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर सारंग टीम ने प्रदेश के प्रति विशेष सम्मान और आत्मीयता का परिचय भी दिया। प्रदर्शन के दौरान टीम के प्रमुख ग्रुप कैप्टन अभिजीत कुमार ने हेलीकॉप्टर के कॉकपिट से छत्तीसगढ़ के लोकप्रिय उद्घोष ‘छत्तीसगढ़िया सबले बढ़िया’ के माध्यम से प्रदेशवासियों का अभिवादन किया।
आसमान से गूंजे इस उद्घोष ने दर्शकों का उत्साह दोगुना कर दिया। भारतीय वायुसेना के जवानों की ओर से छत्तीसगढ़ की पहचान और जनभावनाओं को दिया गया यह सम्मान उपस्थित लोगों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहा।
तिरंगे की फॉर्मेशन और वंदे मातरम् ने बढ़ाया देशभक्ति का उत्साह
हवाई प्रदर्शन के अंतिम चरण में सारंग टीम ने ‘वंदे मातरम्’ की गूंज के बीच तिरंगे की आकर्षक फॉर्मेशन प्रस्तुत की। आसमान में हेलीकॉप्टरों के माध्यम से तिरंगे की मनमोहक छटा ने पूरे वातावरण को देशभक्ति और राष्ट्रीय गौरव की भावना से भर दिया।
हेलीकॉप्टरों का शानदार तालमेल, तिरंगे के रंगों की खूबसूरत प्रस्तुति और देशभक्ति गीत की गूंज ने उपस्थित दर्शकों को भावविभोर कर दिया। शौर्य, साहस, अनुशासन और राष्ट्रप्रेम से भरपूर इस प्रस्तुति के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का गौरव बढ़ा चुकी है सारंग टीम
उल्लेखनीय है कि भारतीय वायुसेना की सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम दुनिया की एकमात्र पांच हेलीकॉप्टरों वाली एयरोबेटिक प्रदर्शन टीम है। यह टीम अपने आकर्षक हवाई करतबों, शानदार फॉर्मेशन और बेहतरीन उड़ान कौशल के जरिए भारतीय वायुसेना की तकनीकी दक्षता, अनुशासन और व्यावसायिक उत्कृष्टता का प्रदर्शन करती है।
सारंग टीम जर्मनी, यूनाइटेड किंगडम, मॉरीशस, रूस और मिस्र सहित दुनिया के कई देशों में अपने शानदार प्रदर्शन से भारत की प्रतिष्ठा बढ़ा चुकी है। अंतरराष्ट्रीय मंचों पर टीम की प्रस्तुतियां भारतीय वायुसेना के साहस, तकनीकी क्षमता और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का परिचय देती रही हैं।
2 नवंबर को होगा सारंग टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन
फुल ड्रेस रिहर्सल के बाद अब 2 नवंबर को नवा रायपुर के सेंध लेक में भारतीय वायुसेना की सारंग एयरोबेटिक डिस्प्ले टीम का मुख्य हवाई प्रदर्शन आयोजित किया जाएगा। राज्योत्सव के अवसर पर होने वाला यह आयोजन प्रदेशवासियों के लिए भारतीय वायुसेना के अद्भुत शौर्य, साहस और उड़ान कौशल को देखने का विशेष अवसर होगा। आकाशगंगा स्काईडाइविंग टीम, गरुड़ कमांडोज और सारंग टीम की प्रस्तुतियां इस आयोजन को और भव्य बनाएंगी।
इस अवसर पर खाद्य मंत्री दयालदास बघेल, कौशल विकास मंत्री गुरु खुशवंत साहेब, विधायक धरमलाल कौशिक, कौशल्या साय सहित जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, भारतीय वायुसेना के अधिकारी और बड़ी संख्या में आम नागरिक उपस्थित रहे।










