दुनिया में कोविड वायरस के फिर से बढ़ते खतरे के बीच एक नया अध्ययन किया गया है। इस अध्ययन का दावा है कि कोविड-19 महामारी पर नियंत्रण के लिए हालिया टीकाकरण और बूस्टर डोज से संक्रमण में कमी आई है, लेकिन कोविड संक्रमण का खतरा अब भी उच्च बना हुआ है।
अमेरिका की यूनिवर्सिटी आफ कैलिफोर्निया सैन फ्रांसिस्को के शोधकर्ताओं के अनुसार, हालिया टीकाकरण और बूस्टर डोज से ओमिक्रोन की पहली लहर के दौरान कैलिफोर्निया की जेलों में कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकने में मदद मिली। अध्ययन में टीकाकरण और बूस्टर खुराक के लाभ बताए गए हैं। कई लोग अब भी संक्रमित हो रहे हैं, लेकिन टीकाकरण से प्रसार को कम करने में मदद मिली है। यह निष्कर्ष 1,11,687 लोगों के डाटा के विश्लेषण के आधार पर निकाला गया है। नतीजों को नेचर मेडिसिन नामक पत्रिका में प्रकाशित किया गया है।
शोध में बूस्टर खुराक के प्रभाव को भी दिखाया गया है और बताया गया है कि पूर्व में वायरस से संक्रमित हो चुके लोगों को टीकाकरण से अतिरिक्त सुरक्षा मिलती है। वैक्सीन की प्रत्येक अतिरिक्त खुराक के साथ संक्रमण प्रसार की आशंका 11 प्रतिशत तक कम पाई गई। अध्ययन के प्रमुख शोधकर्ता नाथन लो ने कहा कि संक्रमण् कम करने के लिए उन लोगों की खातिर टीकों के कई लाभ बताए गए हैं, जो बूस्टर डोज ले चुके हैं और जिन्होंने हाल ही में टीका लगवाए हैं। हमारी रिपोर्ट सिर्फ बंद स्थानों पर रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य संबंधी लाभ के संबंध में है।










