प्रदेश सरकार ने हरित ईंधन को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम फैसला लिया है। सरकार ने प्राकृतिक गैस पर वैट की दर को 20 प्रतिशत से घटाकर पांच प्रतिशत करने का निर्णय किया है। इस फैसले से सीएनजी और पीएनजी की कीमतों में उल्लेखनीय कमी आने की उम्मीद है।
वैट घटने के बाद सीएनजी के दाम 13 से 15 रुपये प्रति किलो तक और पीएनजी के दाम पांच से सात रुपये प्रति यूनिट तक सस्ते हो सकते हैं। प्रदेश में लगातार बढ़ते प्रदूषण का एक बड़ा कारण पेट्रोल और डीजल से चलने वाले वाहन माने जा रहे हैं। हाल के दिनों में उत्तराखंड के कई प्रमुख शहरों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
इन्हीं हालातों को देखते हुए प्रदेश सरकार ने पर्यावरण के अनुकूल प्राकृतिक गैस के उपयोग को प्रोत्साहित करने का फैसला लिया है। इसके तहत प्राकृतिक गैस पर वैट की दर में बड़ी कटौती की गई है, जिससे इसकी कीमतों में कमी आएगी। फिलहाल प्रदेश के विभिन्न शहरों में सीएनजी की कीमत लगभग 99 से 100 रुपये प्रति किलो, जबकि पीएनजी की कीमत 40 से 45 रुपये प्रति यूनिट के बीच है। वैट में कमी लागू होते ही इन दरों में गिरावट दर्ज की जाएगी, जिससे प्राकृतिक गैस से वाहन चलाने वाले उपभोक्ताओं को सीधा लाभ मिलेगा। सरकार की ओर से आदेश जारी होते ही नई दरें प्रभावी हो जाएंगी।









