रायपुर।छत्तीसगढ़ी फिल्म इंडस्ट्री (छालीवुड) के मशहूर फिल्म निर्माता मोहित साहू ने अपनी गर्लफ्रेंड से बेरहमी से मारपीट की है। पीड़िता का आरोप है कि मोहित साहू ने उससे शादी का झांसा देकर उज्जैन ले जाकर विवाह किया, लेकिन बाद में अपनी दूसरी शादी होने की बात कहकर मुकर गया।पीड़िता के अनुसार, जब उसने दूसरी शादी का विरोध किया तो मोहित साहू ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए बेरहमी से मारपीट की। हमले में युवती के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं। घटना के बाद वह लहूलुहान हालत में पुरानी बस्ती थाने पहुंची, जहां उसने शिकायत दर्ज कराई। यह पूरा मामला रायपुर के पुरानी बस्ती थाना क्षेत्र के भाटागांव स्थित सिल्वर ओक अपार्टमेंट के ब्लॉक-410 का है। जहां फिल्म निर्माता मोहित साहू ने अपनी गर्लफ्रेंड से बेरहमी से मारपीट की है। पुलिस जांच के दौरान फ्लैट के अंदर टूटी हुई कुंडी और खून के निशान मिले हैं। जिससे मारपीट की पुष्टि हुई है।घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें युवती के सिर से खून बहता साफ नजर आ रहा है। वीडियो देखकर यह आशंका जताई जा रही है कि उस पर किसी ठोस वस्तु से हमला किया गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है।सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी मांगीबताया जा रहा है कि, घटना के दौरान कॉलोनी के सिक्योरिटी गार्ड और स्थानीय रहवासी मौके पर पहुंच गए थे। आरोप है कि स्थिति बिगड़ते देख फिल्म निर्माता मोहित साहू ने सुरक्षाकर्मियों के पैर छूकर माफी मांगी, ताकि मामला बाहर न जाए। मारपीट के बाद पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेजा, जहां उसका इलाज जारी है। पुरानी बस्ती पुलिस ने युवती की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।









