रायपुर। छत्तीसगढ़ में।गर्मी अपने चरम पर है। इन सबके बीच अब राहत भरी खबर है कि भीषण गर्मी से जूझ रहे प्रदेशवासियों को अगले पांच दिनों सूरज की कम तपिश झेलनी पड़ेगी। मौसम विभाग ने प्रदेशभर में मेघगर्जन, तेज हवा, वज्रपात और वर्षा होने की संभावना जताई है। रविवार को प्रदेश में एक-दो स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश दर्ज की गई। रायपुर शहर के लिए जारी पूर्वानुमान के अनुसार सोमवार को बारिश की संभावना है। गरज-चमक, अंधड़ और बारिश की संभावना है। शहर का अधिकतम तापमान 42 व न्यूनतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। अगले दो दिनों में तापमान होगी गिरावट
मौसम विभाग का कहना है के अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में एक से दो डिग्री सेल्सियस की और गिरावट हो सकती है। वहीं रविवार को राजनांदगांव में अधिकतम तापमान 42 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। जबकि अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 19.2 डिग्री सेल्सियस रहा। रायपुर का अधिकतम तापमान 40.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। विभाग के अनुसार, रविवार को प्रदेश में सर्वाधिक वर्षा पेंड्रा रोड में हुई। यहां 70 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। वहीं बलौदा और महासमुंद में 10 मिलीमीटर वर्षा हुई। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी वर्षा हुई है।
चलेगी तेज हवाएं
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि प्रदेश के एक-दो स्थानों पर गरज-चमक के साथ वज्रपात हो सकता है। साथ ही 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है। अगले दो दिनों के दौरान भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने और हल्की बारिश होने के आसार बने हुए हैं।










