ईरान में देशव्यापी प्रदर्शन धर्मतंत्र के लिए एक चुनौती बन गया है। ईरान सरकार के विरुद्ध प्रदर्शन करने वाले एक और आंदोलनकारी को फांसी पर लटका दिया गया। राज्य टेलीविजन पर प्रसारित फुटेज में चाकू मारकर एक व्यक्ति को भागते हुए दिखाया गया है, जिसमें दावा किया गया है कि यही दोषी व्यक्ति है।
ईरान की मिजान न्यूज एजेंसी के अनुसार, देश की क्रांतिकारी न्यायपालिका का दावा है कि फांसी पर लटकाए गए माजिदरेजा रहनवरद ने 17 नवंबर को दो सुरक्षाकर्मियों की चाकू मारकर हत्या कर दी थी और चार लोगों को घायल कर दिया था। सरकार विरोधी प्रदर्शनों को लेकर पिछले हफ्ते मोहसिन शेखरी को फांसी पर लटकाए जाने के बाद फांसी का यह दूसरा मामला है। वहीं, प्रदर्शनकारियों ने दावा किया है कि इसके अलावा कई प्रदर्शनकारियों को बंद दरवाजे में पहले ही फांसी दी जा चुकी है। ईरान के मानवाधिकार कार्यकर्ताओं के अनुसार, मध्य सितंबर से शुरू हुए प्रदर्शनों के बाद से अब तक कम से 488 लोग मारे जा चुके हैं।
मशहद के क्रांतिकारी न्यायालय ने रहनवरद को “मुहारेबेह” के आरोप में दोषी ठहराया, इस फारसी शब्द का अर्थ है “ईश्वर के विरुद्ध युद्ध छेड़ना”। उल्लेखनीय है कि ईरान में कुर्दिश युवती महसा अमीनी को तेहरान में ड्रेस कोड का पालन न करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया था। हिरासत के दौरान युवती की मौत हो गई,इसके बाद से पूरे ईरान में हिजाब के विरोध में आंदोलन खड़ा हो गया, जो सरकार के लिए चुनौती बना हुआ है।










