रायपुर, 10 जनवरी 2025: छत्तीसगढ़ के विकास के लिए सरकार फौलादी इच्छाशक्ति के साथ काम कर रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने नवा रायपुर के मेफेयर लेक रिसॉर्ट में आयोजित ऑल इंडिया स्टील कॉनक्लेव 2.0 में कहा कि 2030 तक 300 मिलियन टन स्टील उत्पादन का लक्ष्य हासिल करने में छत्तीसगढ़ की महत्वपूर्ण भूमिका होगी। प्रदेश के स्टील उद्योग को नई ऊंचाई पर ले जाने के लिए सरकार हरसंभव सहयोग देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि छत्तीसगढ़ अपनी स्थापना के रजत जयंती वर्ष में प्रवेश कर रहा है और राज्य ने ग्रीन स्टील की दिशा में भी कदम बढ़ा दिए हैं। उन्होंने बताया कि नई औद्योगिक नीति के तहत 5 लाख नए रोजगार सृजित करने का लक्ष्य है, जिसे सभी के सहयोग से पूरा किया जाएगा।
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने कहा कि सरकार ने निवेश के लिए अनुकूल औद्योगिक नीति बनाई है, जिससे प्रदेश में निवेश आकर्षित हो रहा है। सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ देश का सबसे तेजी से विकसित होता राज्य बन रहा है।
इस कार्यक्रम में स्टील उद्योग से जुड़े कई प्रतिनिधि, उद्योगपति, और अधिकारी उपस्थित रहे, जिन्होंने उद्योग के विकास और पर्यावरण संतुलन पर चर्चा की।










