बागबाहरा : महासमुंद जिले के बागबाहरा विकासखंड के ग्राम सेनभांठा में 65 वर्षीय किसान मनबोध गांड़ा ने शनिवार सुबह ब्लेड से अपना गला काटने का प्रयास किया। स्वजन का दावा है कि किसान ने धान बेचने के लिए टोकन नहीं कटने से परेशान होकर यह कदम उठाया है। किसान की श्वास नली कट गई थी। उसे रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। कलेक्टर विनय कुमार लंगेह ने बताया कि किसान सोसायटी गया ही नहीं, वह अन्य माध्यमों से टोकन कटवाने की कोशिश करता रहा। इस मामले की जांच कराई जा रही है। किसान के पुत्र शंकर गांड़ा (34) ने बताया कि उसके पिता मनबोध गांड़ा धान खरीदी केंद्र में जब टोकन कटवाने गए, तो सोसायटी वालों ने आनलाइन टोकन काटने के लिए कहा। शंकर ने बताया कि इसके बाद उसके पिता पिछले तीन दिनों से खेमड़ा सोसायटी में 50 कट्टा धान बेचने के लिए टोकन कटवाने के लिए च्वाइस सेंटर का चक्कर काट रहे थे। मोबाइल नंबर में समस्या आने के कारण वे बेहद तनाव में थे। शनिवार की सुबह वे मवेशियों को चराने निकले थे, इस दौरान उन्होंने ब्लेड से अपना गला काट लिया। ग्रामीणों ने इसकी सूचना स्वजन को दी और डायल 112 के माध्यम से पिता को बागबाहरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। किसान मनबोध की बेटी की शादी अप्रैल में तय की गई है। इसलिए पिता परेशान थे। ग्रामीणों के अनुसार लगातार मानसिक तनाव और लेटलतीफी से परेशान होकर उसने यह भयावह कदम उठाया। ग्रामीणों का कहना है कि किसान सुबह से शाम तक लाइन में लगते हैं, फिर भी टोकन नहीं कटता। सोसायटी के शाखा प्रबंधक मुनगासेर ने कहा कि मनबोध या उनके स्वजन कभी सोसायटी नहीं पहुंचे। सीसीटीवी फुटेज का परीक्षण कराया जा सकता है।










