रायपुर। छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने लोकप्रिय जननायक, आदिवासी संस्कृति के रक्षक और घर वापसी अभियान के प्रमुख चेहरों में शामिल रहे स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की।
वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव ने अपना जीवन समाज सेवा, जनजातीय समुदायों के हितों तथा उनकी संस्कृति और परंपराओं के संरक्षण के लिए समर्पित किया। उन्होंने आदिवासी समाज के बीच जागरूकता बढ़ाने और सामाजिक एकजुटता मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य किया।
उन्होंने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव का व्यक्तित्व, संघर्षशीलता, राष्ट्रनिष्ठा और समाज के प्रति समर्पण सदैव प्रेरणादायी रहेगा। उन्होंने जनजातीय क्षेत्रों में लोगों के अधिकारों और हितों की आवाज उठाने के साथ सामाजिक एवं सांस्कृतिक चेतना को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
वित्त मंत्री ने कहा कि दिलीप सिंह जूदेव के विचार और उनके सेवा कार्य आने वाली पीढ़ियों को समाज एवं राष्ट्रहित में कार्य करने की प्रेरणा देते रहेंगे। उनकी पुण्यतिथि पर उनका स्मरण सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता के मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश देता है।
ओपी चौधरी ने स्वर्गीय दिलीप सिंह जूदेव के योगदान को नमन करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की।










