पुलिस फोर्स के सुरक्षा घेरे में बुधवार को वन विभाग ने बुरहानपुर के सीवल-बाकड़ी मार्ग स्थित अतिक्रमणकारियों के झोपड़ों से सागौन की बल्लियां उठवाई हैं। इस काम में वन विभाग के करीब तीन सौ कर्मचारी लगाए गए थे। लकड़ी उठाने के लिए विभाग ने 31 ट्रक और 17 ट्रैक्टर लगाए थे। इस लकड़ी की अनुमानित कीमत दो करोड़ के आसपास आंकी गई है।
डीएफओ अनुपम शर्मा ने बताया कि बरामद की गई लकड़ी करीब ढाई सौ घनमीटर के आसपास है। इसे नेपानगर सहित अन्य सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया गया है। इससे पहले मंगलवार को भी वन विभाग ने करीब एक करोड़ कीमत का सागौन बरामद किया था। कार्रवाई के दौरान सीइओ जिला पंचायत आशुतोष दुबे, एडिशनल एसपी अंतर सिंह कनेस सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
साथ ही जेसीबी मशीनें लगाकर अतिक्रमण मुक्त कराई गई करीब दो हेक्टेयर भूमि पर खंती भी खुदवाई गई हैं। अतिक्रमणकारियों के झोपड़ों के पास से संरक्षित वन्यप्राणी पेंगुलिन के अवशेष भी मिले हैं। वन विभाग इसकी जांच कर रहा है। ज्ञात हो कि इससे पहले भी पकड़े गए अतिक्रमणकारियों ने बताया था कि वे जंगल में मिलने वाले हिरण, खरगोश, पेंगुलिन सहित अन्य वन्यजीवों का शिकार कर खा जाते थे।










