भारतीय महिला क्रिकेट टीम इस साल दिसंबर में पांच मैचों की टी-20 सीरीज के लिए विश्व चैंपियन आस्ट्रेलिया की मेजबानी करेगी। क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) ने सोमवार को इस सत्र के लिए महिला और पुरुष टीम के कार्यक्रम की घोषणा की। भारतीय महिला टीम ने आखिरी बार मार्च में वनडे विश्व कप खेला था। अब वह जुलाई में राष्ट्रमंडल खेलों में भाग लेगी और सितंबर में इंग्लैंड के खिलाफ तीन वनडे और तीन टी-20 मैचों की सीरीज खेलेगी।
सीए के सीईओ निक हाकले ने कहा, ‘टीम के लिए अगले आठ महीने काफी रोमांचक होंगे जिसमें भारत का दौरा, पाकिस्तान के खिलाफ घरेलू सीरीज, द हंड्रेड और अपना घरेलू सत्र शामिल है। इसके बाद टी-20 विश्व कप होना है।”
आस्ट्रेलियाई पुरुष टीम भी सितंबर में तीन टी-20 मैच खेलने भारत आएगी। टी-20 विश्व कप आस्ट्रेलिया में 17 अक्टूबर से 14 नवंबर के बीच होना है। आस्ट्रेलियाई पुरुष टीम को इस साल भारत के दौरे पर चार टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 खेलने थे, लेकिन कोरोना महामारी के कारण्ा टी-20 विश्व कप एक साल खिसकने के कारण्ा अब लाल गेंद के मैच अगले साल फरवरी और मार्च में होंगे।
भारतीय पुरुष टीम नौ से 19 जून तक दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पांच मैचों की टी-20 सीरीज खेलेगी, जिसके बाद आयरलैंड दौरे पर दो टी-20 खेलने हैं। इंग्लैंड के खिलाफ पांचवां और आखिरी टेस्ट एक जुलाई से होगा, जो पिछले साल भारतीय खेमे में कोरोना संक्रमण के मामले आने के बाद स्थगित कर दिया गया था।










