वैश्विक शेयर बाजार में मजबूती और रिलायंस इंडस्ट्रीज, इन्फोसिस व टीसीएस में बढ़त से सोमवार को सेंसेक्स और निफ्टी में दो प्रतिश्ात की तेजी दर्ज की गई। 30 शेयरों वाला बीएसई सेंसेक्स 1,041.08 अंक या 1.90 प्रतिशत की तेजी के साथ चार सप्ताह के उच्चस्तर 55,925.74 पर बंद हुआ। दिन के दौरान यह 1,197.99 अंक या 2.18 प्रतिशत बढ़कर 56,082.65 के उच्चस्तर को छू गया। सेंसेक्स के 26 शेयर हरे निशान पर बंद हुए। एनएसई निफ्टी 308.95 अंक या 1.89 प्रतिशत उछलकर लगभग चार सप्ताह के उच्च स्तर 16,661.40 पर बंद हुआ। तीन दिनों के दौरान सेंसेक्स 2,176 अंक चढ़ा जबकि निफ्टी में 635 अंकों की तेजी दर्ज की गई है।
विशेषज्ञों के मुताबिक केरल में जल्द मानसून आने, मुद्रास्फीति की चिंताओं के कम होने और अमेरिकी फेडरल रिजर्व के नरम रवैये ने निवेशकों को धारणा को मजबूत किया। सेंसेक्स चार्ट में टाइटन सबसे ज्यादा 4.94 प्रतिशत चढ़ा। महिंद्रा एंड महिंद्रा 4.69 प्रतिशत, इन्फोसिस में 4.57 प्रतिशत, एलएंडटी में 3.77 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। इंडेक्स हैवीवेट रिलायंस इंडस्ट्रीज में 3.44 प्रतिशत और टीसीएस 3.47 प्रतिशत चढ़ा। एचसीएल टेक्नोलाजीज, अल्ट्राटेक सीमेंट, विप्रो और भारती एयरटेल के शेयर भी चढ़कर बंद हुए। जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के रिसर्च हेड विनोद नायर ने कहा कि मुद्रास्फीति की चिंताओं में नरमी के कारण अमेरिकी शेयरों में तेजी आई, जो आगामी फेडरल रिजर्व की नीति का एजेंडा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा करेगी। चीन में लंबे समय से चल रहे लाकडाउन में ढील ने एशियाई बाजारों की धारणा को मजबूती देने में मदद की है। दोपहर के कारोबार के दौरान यूरोप के बाजार हरे निशान में कारोबार कर रहे थे। अमेरिका के शेयर बाजार शुक्रवार को काफी तेजी के साथ बंद हुए थे। स्टाक एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों ने शुक्रवार को 1,943.10 करोड़ के शेयरों की बिक्री की।










