रायपुर। रायपुर की पत्रकारिता को राष्ट्रीय पहचान दिलाने वाले वरिष्ठ पत्रकार स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को चिरस्थायी बनाने के उद्देश्य से खो-खो पारा स्थित पंकज गार्डन में उनकी प्रतिमा का अनावरण किया गया। उप मुख्यमंत्री एवं गृह मंत्री विजय शर्मा ने प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक अनुज शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी, रायपुर प्रेस क्लब अध्यक्ष मोहन तिवारी और अखंड ब्राह्मण समाज से ज्ञानेश शर्मा सहित पत्रकारिता, सामाजिक और राजनीतिक क्षेत्र से जुड़े कई लोग मौजूद रहे।
समारोह के दौरान स्वर्गीय पंकज शर्मा के जीवन और पत्रकारिता यात्रा पर आधारित करीब एक घंटे की विशेष डॉक्यूमेंट्री भी प्रदर्शित की गई। इसमें उनके पत्रकारिता जीवन, देश-विदेश में किए गए कार्यों, लेखन शैली, संवाद क्षमता और पत्रकारिता के प्रति समर्पण को प्रस्तुत किया गया। डॉक्यूमेंट्री के माध्यम से उपस्थित लोगों ने पंकज शर्मा के व्यक्तित्व और पत्रकारिता में उनके योगदान को करीब से याद किया।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने पत्रकारिता को केवल पेशे के रूप में नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और मिशन के रूप में जिया। उन्होंने सीमित जीवनकाल में अपनी प्रतिभा और लेखनी के माध्यम से ऐसी पहचान बनाई, जो आज भी पत्रकारिता जगत के लिए प्रेरणा है। उन्होंने कहा कि पंकज शर्मा की स्मृति को स्थायी रूप देना केवल एक व्यक्ति का सम्मान नहीं, बल्कि रायपुर की समृद्ध पत्रकारिता परंपरा का सम्मान भी है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि पंकज शर्मा रायपुर की उस पत्रकारिता परंपरा के प्रतिनिधि थे, जिसने अपनी प्रतिभा और लेखनी के बल पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई। उन्होंने कहा कि पत्रकारिता के क्षेत्र में पंकज शर्मा ने जो ऊंचाई हासिल की, वह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी है। उनकी स्मृति में प्रतिमा का अनावरण नई पीढ़ी को उनके योगदान से परिचित कराने का महत्वपूर्ण माध्यम बनेगा।
विधायक सुनील सोनी और विधायक मोतीलाल साहू ने भी स्वर्गीय पंकज शर्मा को याद करते हुए पत्रकारिता के क्षेत्र में उनके योगदान को रेखांकित किया। वरिष्ठ पत्रकार हिमांशु द्विवेदी ने पंकज शर्मा की पत्रकारिता शैली, लेखन और उस दौर की पत्रकारिता में उनके प्रभाव पर विस्तार से प्रकाश डाला।
इस अवसर पर विधायक अनुज शर्मा ने स्वर्गीय पंकज शर्मा की स्मृति को व्यापक स्वरूप देने के लिए कई प्रस्ताव रखे। उन्होंने पंकज उद्यान का नाम बदलकर “पत्रकार पंकज शर्मा उद्यान” करने और खो-खो पारा स्थित स्कूल का नाम “पत्रकार पंकज शर्मा” के नाम पर करने का सुझाव दिया। इसके साथ ही युवा पत्रकार राज्य अलंकरण की शुरुआत स्वर्गीय पंकज शर्मा के नाम से किए जाने का प्रस्ताव भी रखा गया।
अनुज शर्मा ने पत्रकारिता विश्वविद्यालय की किसी प्रमुख इमारत का नाम भी “पंकज शर्मा” के नाम पर किए जाने का सुझाव दिया। मंच पर मौजूद अतिथियों ने इन प्रस्तावों का समर्थन करते हुए पंकज शर्मा की स्मृति और पत्रकारिता योगदान को संस्थागत रूप से संरक्षित करने की आवश्यकता पर सहमति जताई।
कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि स्वर्गीय पंकज शर्मा ने अपने अल्प जीवनकाल में पत्रकारिता के क्षेत्र में महत्वपूर्ण योगदान दिया। उन्होंने हिंदी पत्रकारिता को नई दिशा देने के साथ देश-विदेश में अपनी प्रतिभा और लेखनी से पहचान बनाई। उनकी स्मृति में आयोजित यह कार्यक्रम केवल प्रतिमा अनावरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि पत्रकारिता के मूल्यों, परंपरा और नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा को आगे बढ़ाने के संकल्प के रूप में भी सामने आया।
कार्यक्रम का आयोजन रायपुर प्रेस क्लब, अखंड ब्राह्मण समाज छत्तीसगढ़ और विप्र सांस्कृतिक भवन प्रबंधन समिति के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।










