मंडला (मध्यप्रदेश), 4 मई 2025। मध्यप्रदेश के मंडला जिले के रामनगर में रविवार को मां नर्मदा के तट पर सातवें आदि उत्सव का भव्य शुभारंभ हुआ। छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम और कांकेर सांसद भोजराज नाग सहित अनेक गणमान्य अतिथि इस अवसर पर उपस्थित रहे।
देशभर से आए अतिथियों की मौजूदगी में उत्सव का पहला दिन आदिवासी संस्कृति और कलाओं के रंग में रंगा नजर आया। दो दिवसीय इस आयोजन में पहले दिन महाआरोग्य शिविर और दिव्यांगजनों को सहायक उपकरण प्रदान करने के लिए विशेष शिविर लगाया गया। एमिल्को के सहयोग से कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण वितरित किए गए।
उत्सव में लगातार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की श्रृंखला चली, जिसमें आदिवासी गुदुम दल, पारंपरिक नृत्य और लोकगीतों की प्रस्तुति ने लोगों का मन मोह लिया। दोपहर में संगोष्ठी का आयोजन किया गया जिसमें आदिवासी संस्कृति और विकास से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई।
इसके अलावा विभिन्न विभागों की योजनाओं की जानकारी देने के लिए स्टॉल लगाए गए। कृषि विभाग और राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन द्वारा फूड स्टॉल भी लगाए गए, जहां मिलेट आधारित उत्पादों की प्रदर्शनी ने विशेष आकर्षण बटोरा।
आदि उत्सव के पहले दिन बड़ी संख्या में पंडा और भुमका सहित आदिवासी समुदाय के लोग अपनी पारंपरिक वेशभूषा में शामिल हुए और परंपराओं को जीवंत किया। आयोजन स्थल पर जनजातीय संस्कृति की विविध झलक देखने को मिली।










