मुंबई में तीन आतंकियों के घुस आने से सूचना फोन पर मिली है। इस सूचना के बाद पुलिस अलर्ट मोड पर आ गई है। इस संबंध में सभी विभागों को सूचित किया गया है। इस सूचना में बताया गया है कि तीनों आतंकी दुबई से मुंबई आए हैं। तीनों आतंकियों के मुंबई आने की सूचना एक फोन कॉल के माध्यम से मिली है।
पुलिस के मुताबिक, अज्ञात कुछ लोगों ने मुंबई पुलिस कंट्रोल रूम को फोन कर सूचना दी है कि तीन आतंकवादी मुंबई में आ गए हैं। फोन करने वाले ने दावा किया कि तीन आतंकवादी शुक्रवार सुबह तड़के दुबई से आए थे और उनका संबंध पाकिस्तान से है। फोन करने वाले ने एक आतंकी का नाम भी बताया है। एक आतंकी का नाम मुजीब सैयद है और फोन करने वाले ने पुलिस को अपना मोबाइल नंबर और कार का नंबर भी दिया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि, घटना से जुड़े अधिकारियों को संदेह है कि ये जानकारी फर्जी हो सकती है। पुलिस फोन करने वाले का पता लगा रही है।
गौरतलब है, मुंबई में पहले भी समुद्र के रास्ते पाकिस्तान से आए आतंकवादियों ने 26 नवंबर, 2008 को हमला कर दिया था। यह हमला 29 नवंबर को रुका। इस दौरान 166 लोगों मारे गए, वहीं 300 लोग घायल हुए थे। इस घटना में भारतीय सुरक्षा बलों ने अहम भूमिका निभाई थी। जवानों ने नौ आतंकवादियों को मार गिराया था। अजमल कसाब इकलौता आतंकवादी था, जिसे जिंदा पकड़ा गया और 21 नवंबर 2012 में फांसी दे दी गई थी










