रायपुर, 16 जून 2026।छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका से आज राजभवन में जगदलपुर के प्रसिद्ध ‘ट्री मैन’ संपत झा ने सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने राज्यपाल को दुनिया की सबसे महंगी आम प्रजातियों में शामिल मियाजाकी आम भेंट किया।
मुलाकात के दौरान राज्यपाल रमेन डेका ने मियाजाकी आम की खेती को बस्तर क्षेत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह विशेष प्रजाति न केवल किसानों की आय बढ़ाने में मददगार साबित हो सकती है, बल्कि छत्तीसगढ़ को अंतरराष्ट्रीय फल बाजार में एक नई पहचान भी दिला सकती है।
राज्यपाल ने इस अवसर पर मियाजाकी आम की खेती को बढ़ावा देने, उत्पादन बढ़ाने और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर इसकी प्रभावी मार्केटिंग के लिए आवश्यक प्रयास करने पर जोर दिया। उन्होंने किसानों को आधुनिक तकनीकों के उपयोग के साथ इस प्रजाति की खेती अपनाने के लिए भी प्रोत्साहित किया।
गौरतलब है कि मियाजाकी आम अपनी उच्च गुणवत्ता, स्वाद और कीमत के कारण विश्वभर में प्रसिद्ध है। बस्तर क्षेत्र में इसकी सफल खेती से प्रदेश के किसानों के लिए नए अवसर खुल सकते हैं।










