मरवाही थाना क्षेत्र के भर्रीढांड गांव में देर रात हुए सड़क हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घायलों को जिला अस्पताल मरवाही लाया गया, जहां इलाज को लेकर परिजनों और अस्पताल स्टाफ के बीच जमकर हंगामा हुआ। इस घटना ने एक बार फिर जिले की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं की पोल खोल दी है।प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुर्गेश रजक बाइक चला रहा था, जबकि उसके साथ ईश्वर और विवेक सवार थे। तीनों युवक भर्रीढांड से मरवाही की ओर जा रहे थे। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक, जिसे नोहर सिंह नामक युवक चला रहा था, से दोनों बाइकों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुर्गेश रजक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि ईश्वर, विवेक और नोहर सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।









