बिलासपुर: निर्माणाधीन भारतमाला सड़क पर गुरुवार रात कार के खाई में गिरकर तीन बार पलटने से युवा कांग्रेस नेता समेत दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र में हुआ। उरगा थाना प्रभारी राजेश तिवारी ने बताया कि एनएसयूआइ के पूर्व राष्ट्रीय संयोजक एवं वर्तमान युवा कांग्रेस नेता राहुल राय गुरुवार रात अपनी कार से बालको में एक परिचित की शादी में शामिल होने जा रहे थे। उनके साथ जोंधरा निवासी आटोमोबाइल एजेंसी के संचालक ढालू अग्रवाल, मस्तूरी कांग्रेस ब्लाक अध्यक्ष भोला साहू और राहुल नामक युवक मौजूद थे। चारों गुरुवार रात करीब साढ़े नौ बजे उरगा पहुंचे। कोरबा शहर में प्रवेश के दौरान रास्ता भटकने के कारण उनकी कार खाईनुमा निर्माणाधीन लेन में उतर गई। इसी दौरान वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरा और तीन बार पलट गया। हादसे में राहुल राय और ढालू अग्रवाल को सिर और सीने में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं भोला साहू और राहुल गंभीर रूप से घायल हो गए। पीछे से आ रहे दोस्तों ने पुलिस को सूचना दिए बिना घायलों को अपोलो अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने बताया कि शवों को केजीएन अस्पताल में रखवाया गया है।










